बहराइच। जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मोतीपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। भारत-नेपाल सीमा पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक नेपाली युवक को 25 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक बहराइच के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) एवं क्षेत्राधिकारी मिहींपुरवा के निर्देशन में थाना मोतीपुर पुलिस द्वारा सीमा क्षेत्र में सघन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान 5 जून को भारत-नेपाल बॉर्डर पर एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया, जिसे रोककर पूछताछ और तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान युवक के पास से 25 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। बरामदगी के आधार पर थाना मोतीपुर में मुकदमा अपराध संख्या 227/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मनीराम थापा (23 वर्ष) पुत्र तुले थापा, निवासी वार्ड संख्या-02, गाउँपालिका बैजनाथ, थाना नौबस्ता, जिला बाँके, नेपाल के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
गिरफ्तारी कार्रवाई में थानाध्यक्ष आनंद कुमार चौरसिया, उपनिरीक्षक अनिल यादव, कांस्टेबल जय प्रकाश एवं आरक्षी रोहित सिंह शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार सीमावर्ती क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
