बहराइच, 08 जून। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस सीधी भर्ती लिखित परीक्षा के सकुशल, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकलविहीन संचालन को सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव ने सोमवार को विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।

पुलिस अधीक्षक ने जनपद में आयोजित भर्ती परीक्षा के तहत महाराज सिंह इंटर कॉलेज एवं महिला विद्यालय परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, सुरक्षा एवं चेकिंग व्यवस्था, परीक्षा कक्षों, स्ट्रांग रूम तथा कंट्रोल रूम में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया।
एसपी ने केंद्र व्यवस्थापकों तथा ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को परीक्षा की शुचिता बनाए रखने तथा पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने तैनात पुलिस बल को निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अवांछनीय गतिविधि, साल्वर गैंग अथवा नकल माफियाओं पर लगातार निगरानी रखी जाए। परीक्षा केंद्रों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है, जबकि पीआरवी-112 की टीमें लगातार भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कर रही हैं।
जनपद में 08, 09 एवं 10 जून 2026 को आयोजित होने वाली भर्ती परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है।
