बहराइच पुलिस की बड़ी सफलता: 101 गुमशुदा मोबाइल बरामद, 25 लाख रुपये की संपत्ति मालिकों को लौटाई

बहराइच, 07 जून 2026। जनपद बहराइच पुलिस ने गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी के अभियान में उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए विभिन्न कंपनियों के कुल 101 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत लगभग 25 लाख रुपये आंकी गई है। रविवार को पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव ने इन मोबाइल फोन को उनके वास्तविक स्वामियों को विधिवत सुपुर्द किया।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह तथा अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी के पर्यवेक्षण में जनपदीय सर्विलांस टीम और थाना स्तर की पुलिस टीमों ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की। अभियान के दौरान सभी थाना क्षेत्रों से समन्वय स्थापित कर भारत सरकार द्वारा संचालित सीईआईआर (CEIR) पोर्टल की नियमित मॉनिटरिंग की गई, जिसके माध्यम से गुमशुदा मोबाइलों की लोकेशन ट्रेस कर उन्हें बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार बरामद मोबाइल फोन एप्पल, सैमसंग, वीवो, ओप्पो, टेक्नो, रेडमी और वनप्लस समेत विभिन्न कंपनियों के हैं। इन मोबाइलों को बरामद कर संबंधित धारकों को सौंपे जाने पर लोगों ने बहराइच पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया और पुलिस की तत्परता व प्रभावी कार्यप्रणाली की सराहना की।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि वे अपने मोबाइल फोन में ‘संचार सारथी’ ऐप डाउनलोड करें, जिससे मोबाइल गुम होने की स्थिति में आवश्यक सूचनाएं समय-समय पर प्राप्त होती रहें। उन्होंने बताया कि मोबाइल फोन गुम होने पर नागरिक अपने मोबाइल का बिल, आईएमईआई नंबर, आधार कार्ड अथवा अन्य पहचान पत्र के साथ निकटतम थाने में शिकायत दर्ज करा सकते हैं या ऑनलाइन सीईआईआर पोर्टल पर भी रिपोर्ट कर सकते हैं। शिकायत दर्ज होने के बाद बरामदगी अथवा प्रकरण में की गई कार्रवाई की जानकारी पंजीकृत मोबाइल नंबर पर उपलब्ध कराई जाती है।

मोबाइल बरामदगी अभियान के तहत कोतवाली नगर और कोतवाली देहात से 9-9, पयागपुर से 8, विशेश्वरगंज से 12, मटेरा से 5, फखरपुर से 5, मोतीपुर से 4 तथा अन्य थाना क्षेत्रों से कुल 101 मोबाइल बरामद किए गए। इनमें सर्वाधिक 24 मोबाइल नोडल सर्विलांस टीम द्वारा बरामद किए गए।

पुलिस अधीक्षक ने इस उपलब्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली जनपदीय सर्विलांस टीम को पुरस्कृत किए जाने की घोषणा भी की। टीम में प्रभारी सर्विलांस राकेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक अभिषेक सिंह, मुख्य आरक्षी प्रदीप कुशवाहा, आरक्षी नितिन अवस्थी, आरक्षी आनन्द उपाध्याय सहित सीईआईआर पोर्टल पर नियुक्त कर्मियों एवं थाना स्तर की रिकवरी टीमों ने विशेष योगदान दिया।

गुमशुदा मोबाइलों की सफल बरामदगी और उन्हें उनके मालिकों तक पहुंचाने की इस कार्रवाई को बहराइच पुलिस की एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *