सुबह 6 बजे शुरू हुए योग दिवस कार्यक्रम में उमड़ा जनसैलाब, प्रशासनिक अधिकारियों, भाजपा पदाधिकारियों, महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने लिया बढ़-चढ़कर हिस्सा
अलीगंज। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार सुबह 6 बजे अलीगंज की नई तहसील परिसर में भव्य सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अलीगंज विधायक सत्यपाल सिंह राठौर ने अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों और आमजन के साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में उपस्थित लोगों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम किए।

कार्यक्रम में एसडीएम जगमोहन गुप्ता, तहसीलदार संजय सिंह, नायब तहसीलदार हिमांशु पांडे, नायब तहसीलदार वरुण कुमार, पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि सुजीत गुप्ता बॉबी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष आशीष राजपूत एवं अर्जुन कश्यप, भाजपा मंत्री अभिषेक गोपाल शर्मा, भाजपा नेता वीरेंद्र प्रताप सिंह, प्रदेश सह-संयोजक सदस्यता अभियान दिनेश गुप्ता, उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष विनोद आर्या सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, भाजपा कार्यकर्ता, महिलाएं, पुरुष और बच्चे मौजूद रहे।
वहीं डीएवी इंटर कॉलेज परिसर में भाजपा नेता सूर्यकांत गुप्ता के नेतृत्व में भी योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें सैकड़ों लोगों ने भाग लेकर योग के महत्व को आत्मसात किया।
“योग भारत की पहचान, स्वस्थ जीवन का सबसे बड़ा आधार” : विधायक सत्यपाल सिंह राठौर
अलीगंज विधायक सत्यपाल सिंह राठौर ने कहा कि योग भारत की हजारों वर्ष पुरानी परंपरा है, जो आज पूरी दुनिया को स्वस्थ रहने का मार्ग दिखा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली है। योग व्यक्ति को शारीरिक रूप से सुदृढ़, मानसिक रूप से संतुलित और आध्यात्मिक रूप से जागरूक बनाता है।
“योग को केवल एक दिन नहीं, जीवनभर अपनाने की जरूरत” :
एसडीएम जगमोहन गुप्ता
एसडीएम जगमोहन गुप्ता ने कहा कि आधुनिक जीवनशैली में बढ़ते तनाव और बीमारियों के बीच योग एक प्रभावी समाधान बनकर उभरा है। यदि प्रत्येक व्यक्ति प्रतिदिन कुछ समय योग और प्राणायाम को दे तो वह स्वस्थ और ऊर्जावान जीवन जी सकता है।
“नियमित योग से शरीर और मन दोनों रहते हैं स्वस्थ” : तहसीलदार संजय सिंह
तहसीलदार संजय सिंह ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि जीवन को अनुशासित और सकारात्मक बनाने की प्रक्रिया है। नियमित योग से मानसिक तनाव दूर होता है और कार्यक्षमता में वृद्धि होती है।
“स्वस्थ समाज के निर्माण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका” : सुजीत गुप्ता बॉबी
पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि सुजीत गुप्ता बॉबी ने कहा कि योग को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता है। स्वस्थ नागरिक ही स्वस्थ समाज और मजबूत राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं। योग को प्रत्येक परिवार की दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए।
योग दिवस पर जनप्रतिनिधियों और भाजपा नेताओं ने दिलाया स्वास्थ्य का संकल्प
भाजपा जिला उपाध्यक्ष अर्जुन कश्यप और आशीष राजपूत, भाजपा मंत्री अभिषेक गोपाल शर्मा, भाजपा नेता वीरेंद्र प्रताप सिंह, प्रदेश सह-संयोजक सदस्यता अभियान दिनेश गुप्ता तथा उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष विनोद आर्या ने संयुक्त रूप से कहा कि योग भारत की सांस्कृतिक विरासत है। योग को अपनाकर न केवल बीमारियों से बचा जा सकता है, बल्कि एक स्वस्थ और जागरूक समाज का निर्माण भी किया जा सकता है।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों ने नियमित योग करने और अपने परिवार तथा समाज को भी योग के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। योग दिवस के इस आयोजन में सैकड़ों महिलाओं, पुरुषों और बच्चों की भागीदारी ने पूरे नई तहसील परिसर को योगमय बना दिया।
दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा उत्तर प्रदेश
