गोंडा। नगर कोतवाली क्षेत्र के पटेल नगर ईदगाह रोड पर मंगलवार सुबह करीब 6 बजे भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। यहां स्थित आकाश ज्वेलर्स की दुकान में अचानक आग भड़क उठी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुकान से धुआं उठता देख राहगीरों ने तत्काल मालिक को सूचना दी।
शटर खोलते ही अंदर भीषण आग लगी मिली, जो देखते ही देखते ऊपर दो मंजिला मकान तक फैल गई। सूचना पर फायर ब्रिगेड की 3-4 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद नीचे दुकान में लगी आग पर काबू पाया गया। मकान की दूसरी मंजिल पर आग लगी हुई थी।

आग बुझाने के लिए फायर कर्मियों को दीवार तक तोड़नी पड़ी। स्थानीय सभासद अफजल खान ने बताया कि एहतियातन पड़ोस के मकानों से लोगों को बाहर निकाल लिया गया था।
आग में लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और घरेलू सामान जलकर राख हो गए। प्रथम दृष्टया जांच में सामने आया कि दुकान में एक इलेक्ट्रिक स्कूटी चार्जिंग पर लगी थी। आशंका है कि शॉर्ट सर्किट के कारण पहले बगल की दुकान और फिर ज्वेलर्स में आग पहुंची। मौके पर भारी संख्या में लोग जमा हो गए और बचाव कार्य में सहयोग किया।
