गोंडा। थाना कौड़िया बाजार क्षेत्र के भगहरिया भगवानपुर पूरे तालाब गांव निवासी इरफान ने अपने पुत्र के साथ हुए सड़क हादसे के मामले में अब तक मुकदमा दर्ज न होने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक गोंडा से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित का कहना है कि दुर्घटना को डेढ़ माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद कौड़िया पुलिस ने अभी तक कार्रवाई नहीं की है, जिसके चलते उसे एसपी कार्यालय का दरवाजा खटखटाना पड़ा है।

पुलिस अधीक्षक को दिए गए प्रार्थना पत्र में इरफान पुत्र ढ़ोड़े ने बताया कि 5 मई 2026 को गांव के ही अरबाज ने उनके पुत्र मोहम्मद कैफ को आवश्यक काम बताकर अपनी मोटरसाइकिल से दुबहा बाजार ले जाने के लिए घर से ले गया। आरोप है कि रास्ते में विजय स्कूल के पास आरोपी ने तेज एवं लापरवाही पूर्वक बाइक चलाते हुए आटो रिक्शा में टक्कर मार दी, जिससे भीषण सड़क दुर्घटना हो गई।
दुर्घटना में इरफान के पुत्र मोहम्मद कैफ की दाहिनी जांघ की हड्डी टूट गई तथा उसके शरीर पर गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद परिजन घायल मोहम्मद कैफ को तत्काल गोंडा के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया। वर्तमान में घायल मोहम्मद कैफ का उपचार लखनऊ में चल रहा है।

पीड़ित का आरोप है कि उसने 26 मई 2026 को थाना कौड़िया में मुकदमा दर्ज कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया था, लेकिन विपक्षी के प्रभाव और दबाव के चलते पुलिस ने अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की। न्याय न मिलने से परेशान होकर पीड़ित ने 16 जून 2026 को पुलिस अधीक्षक गोंडा को प्रार्थना पत्र देकर मुकदमा दर्ज कर दोषी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से अनुरोध किया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए संबंधित के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि पीडित को न्याय मिल सके।
हालांकि, इस संबंध में थाना कौड़िया पुलिस का पक्ष सामने नहीं आया है। पुलिस जांच और विवेचना के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
