सांड के सामने आने पर टेंपो ने लगाया अचानक ब्रेक, पीछे से भिड़ी बाइक; किसान की मौत

कायमगंज रोड पर बर्मा पेट्रोल पंप के पास हादसा, उपचार के दौरान सीएचसी में तोड़ा दम; पुलिस जांच में जुटी।

दिलीप सिंह अलीगंज एटा

अलीगंज (एटा)। कोतवाली अलीगंज क्षेत्र में रविवार दोपहर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक किसान की मौत हो गई। कायमगंज रोड पर बर्मा पेट्रोल पंप से आगे टेंपो के सामने अचानक सांड आ जाने से चालक ने ब्रेक लगा दिए। पीछे से आ रही बाइक टेंपो में जा भिड़ी, जिससे बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। डायल-112 पुलिस ने घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अलीगंज पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।


सांड के कारण अचानक लगा ब्रेक, टेंपो में घुसी बाइक

कोतवाली अलीगंज पुलिस के अनुसार रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे कायमगंज रोड स्थित बर्मा पेट्रोल पंप से आगे सड़क दुर्घटना की सूचना मिली। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सुरेश सिंह (38) पुत्र अमर सिंह, निवासी ग्राम कुकराया रतनपुर, थाना जैथरा, जनपद एटा, अपनी मोटरसाइकिल UP-82 AF-4316 से कायमगंज से एटा की ओर जा रहे थे। उनके आगे चल रहे टेंपो के सामने अचानक एक सांड आ जाने से चालक ने ब्रेक लगा दिए, जिससे पीछे से आ रही सुरेश सिंह की बाइक टेंपो में जा टकराई और वह गंभीर रूप से घायल हो गए।


डायल-112 ने पहुंचाया अस्पताल, उपचार के दौरान हुई मौत

डायल-112 पुलिस घायल सुरेश सिंह को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज लेकर पहुंची। सीएचसी अलीगंज के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सर्वेश कुमार ने बताया कि युवक को गंभीर अवस्था में अस्पताल लाया गया था। चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया, लेकिन हालत अत्यंत नाजुक होने के कारण उपचार के दौरान उसकी दर्दनाक मौत हो गई। इसके बाद पुलिस और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई।

घर से खेत जाने की बात कहकर निकले थे

मृतक की पत्नी संतो ने बताया कि शनिवार सुबह सुरेश घर से यह कहकर निकले थे कि वह खेत पर जा रहे हैं। कुछ समय बाद उन्होंने फोन कर बताया कि वह अलीगंज में हैं और थोड़ी देर में घर लौट आएंगे। परिवार उनके लौटने का इंतजार कर रहा था, लेकिन कुछ देर बाद अस्पताल से उनकी मौत की सूचना मिल गई।

दो बेटों के सिर से उठा पिता का साया

मृतक अपने पीछे पत्नी और दो बेटों को छोड़ गए हैं। बड़ा बेटा विक्रम (20 वर्ष) बाहर रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है, जबकि छोटा बेटा यश (12 वर्ष) जैथरा स्थित आराध्या पब्लिक स्कूल में कक्षा पांच का छात्र है। हादसे के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्रभारी निरीक्षक बोले— थाना स्तर से की जा रही कार्रवाई

कोतवाली अलीगंज के प्रभारी निरीक्षक रूपेश वर्मा ने बताया कि सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान सुरेश सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में थाना स्तर से आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच जारी है।

घटना की सूचना मिलने पर अलीगंज विधायक प्रतिनिधि जितेंद्र सिंह राठौर और सूरज सिंह राठौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज पर पहुंचे हैं जहां उन्होंने परिजनों को ढाढ़स बंधाया है साथ ही हर संभव मदद का भरोसा दिया है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *