चेहल्लुम जुलूस की तैयारियों पर पुलिस की नजर, ताजियेदारों संग बैठक


दिलीप सिंह अलीगंज एटा


अलीगंज कोतवाली में तय हुई रूपरेखा, 12 ताजिए निकलेंगे, 9 फीट से अधिक ऊंचाई रखने पर रोक

अलीगंज आगामी चेहल्लुम जुलूस को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए अलीगंज पुलिस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। गुरुवार दोपहर करीब एक बजे कोतवाली परिसर में प्रभारी निरीक्षक रूपेश वर्मा की अध्यक्षता में ताजियेदारों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जुलूस के निर्धारित मार्ग, समय, ताजियों की ऊंचाई, सुरक्षा व्यवस्था और शासन के दिशा-निर्देशों के पालन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान कस्बा इंचार्ज मनीष बलियान भी मौजूद रहे।

बैठक में बताया गया कि चेहल्लुम का जुलूस 6 अगस्त की शाम मोहल्ला टपकन टोला स्थित नूर अहमद उर्फ मुकेश के यहां से प्रारंभ होगा। जुलूस निर्धारित मार्ग से होते हुए मोहल्ला मेवातियान स्थित मातादीन चौराहा पहुंचेगा। यहां ताजियेदारों द्वारा मातम का कार्यक्रम किया जाएगा। इसके बाद जुलूस गांधी चौराहा पहुंचेगा, जहां करीब दो घंटे तक मातम आयोजित होगा। पुलिस ने जुलूस को तय मार्ग और निर्धारित समय के अनुसार ही निकालने के निर्देश दिए। इस वर्ष कस्बे में कुल 12 ताजिए निकाले जाएंगे।

शासन के निर्देशों के अनुसार सभी ताजियों की अधिकतम ऊंचाई 9 फीट निर्धारित की गई है। प्रभारी निरीक्षक ने स्पष्ट किया कि कोई भी ताजिया तय सीमा से अधिक ऊंचा नहीं बनाया जाएगा। जुलूस में करीब 1500 लोगों के शामिल होने का अनुमान है। इसे देखते हुए पुलिस द्वारा सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने की तैयारी की जा रही है। बैठक में आकिल, चांद मियां, नूर अहमद, इदरीश, बारिश, जमीर सहित अन्य ताजियेदार मौजूद रहे।

प्रभारी निरीक्षक रूपेश वर्मा ने ताजियेदारों से कहा कि धार्मिक आयोजन आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ संपन्न किए जाएं। उन्होंने शासन एवं प्रशासन के सभी निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन करने पर जोर दिया साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने और सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट सूचनाओं से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि जुलूस के दौरान किसी भी समस्या, विवाद या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दी जाए। पुलिस-प्रशासन के साथ समन्वय और सहयोग से आयोजन को सकुशल संपन्न कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *