मक्का, मूंगफली और आलू बेचकर जुटाई थी नकदी, पीछे की दीवार काटकर घर में घुसे बदमाश; फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड से होगी जांच

एटा। कोतवाली अलीगंज क्षेत्र के जानीपुर गांव में खेत में बने मकान में शनिवार ओर रविवार की मध्य रात चोरों ने धावा बोलकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। बदमाश पीछे की दीवार काटकर मकान के अंदर घुसे और करीब तीन लाख रुपये की नकदी समेत सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। सुबह मकान की दीवार में नकब लगा देखकर परिवार के होश उड़ गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पीड़ित जय सिंह राजपूत पुत्र तोताराम, उम्र 42 वर्ष निवासी ग्राम जानीपुर ने बताया कि रविवार तड़के करीब चार बजे जब वह उठे तो मकान के अंदर से ताला लगा हुआ था। जब पीछे की तरफ जाकर देखा तो दीवार कटी हुई थी और नकब लगा हुआ था। इसके बाद घर में रखी नकदी और जेवरात की जांच की गई तो चोरी का पता चला।
पीड़ित के मुताबिक चोर करीब तीन लाख रुपये नकद ले गए। यह रकम उन्होंने मक्का, मूंगफली और आलू की बिक्री से जुटाई थी। इसके साथ ही चोर एक सोने की लर, एक पायल, कंधनी और चार जोड़ी तोड़िए भी चोरी कर ले गए। चोरी की सूचना पुलिस को करीब साढ़े चार बजे दे दी गई।
पीछे की दीवार काटकर मकान में घुसे चोर
बताया गया कि मकान खेत में बना हुआ है। चोरों ने मकान की पिछली दीवार को काटकर अंदर प्रवेश किया। वारदात के बाद चोर नकदी और जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना के बाद आसपास के इलाके में भी सनसनी फैल गई।
फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड जुटाएगा सुराग
मामले पर हल्का इंचार्ज हेमराज गौतम ने बताया कि खेत में बने मकान की पीछे वाली दीवार काटकर नकब लगाया गया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए हैं। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की टीम को भी मौके पर पहुंची है, वारदात से जुड़े साक्ष्य जुटाए गए हैं ।
उन्होंने बताया कि अभी पीड़ित की ओर से तहरीर नहीं मिली है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है। फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड की जांच के बाद चोरों तक पहुंचने के लिए पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।
