11 साल के बच्चे पर टूटा दबंगों का कहर, पीटते हुए कब्रिस्तान तक घसीटा, बरसाए घूंसे

सिर में घूंसा मारने के बाद गला दबाकर पीटने का आरोप, चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीण तो धमकी देकर भागे आरोपी

दिलीप सिंह अलीगंज एटा

अलीगंज। थाना क्षेत्र के गैसिंहपुर गांव में 11 वर्षीय बच्चे के साथ कथित मारपीट और उसे कब्रिस्तान तक घसीटकर ले जाने के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्राथमिक विद्यालय के पास सामान लेने जा रहे बच्चे पर बाइक सवार युवकों ने पीछे से हमला कर दिया।

आरोप है कि सिर में घूंसा मारने के बाद विरोध करने पर बच्चे को कब्रिस्तान की ओर घसीटा गया और वहां उसके साथ मारपीट करते हुए गला दबाने का प्रयास किया गया। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके की ओर दौड़े तो आरोपी बच्चे को छोड़कर धमकी देते हुए भाग निकले। घायल बच्चे का अलीगंज सीएचसी में मेडिकल कराया गया है।

थाना अलीगंज के गैसिंहपुर निवासी अरमान खान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सात अगस्त को उनका 11 वर्षीय बेटा रिहान घर से खाने-पीने का सामान लेने जा रहा था। आरोप है कि प्राथमिक विद्यालय गैसिंहपुर के पास अयान पुत्र आफाक खान और कमल हसन पुत्र कल्लू खान मोटरसाइकिल से पीछे से पहुंचे और रिहान के सिर में घूंसा मार दिया। अचानक हमले से बच्चा घबरा गया। विरोध करने पर आरोपियों ने कथित तौर पर उसे कब्रिस्तान की ओर घसीटना शुरू कर दिया। पिता का आरोप है कि बच्चे को कब्रिस्तान में ले जाकर बेरहमी से पीटा गया।

इस दौरान उसका गला दबाने का भी प्रयास किया गया। चोट और भय के कारण बच्चा चीखने लगा। घटना के बाद वह बुरी तरह सहमा हुआ था और अगले दिन परिजनों को पूरी बात बताई। तहरीर में कुछ अन्य लोगों पर बच्चे की रेकी करने और घटनास्थल के आसपास मौजूद रहकर आरोपियों का साथ देने का भी आरोप लगाया गया है। पिता ने बताया कि ईदगाह की बाउंड्री पर अरवाज पुत्र दिलशाद खान और स्कूल की छत पर मुजम्मिल पुत्र नौशाद खान मौजूद थे। आरोप है कि ये लोग बच्चे पर नजर रख रहे थे।

पुलिस इन आरोपों की भी जांच कर रही है। वहीं रिहान की चीख-पुकार सुनकर अमन खान, हसीम खान, असद खान और नदीम खान मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को आता देखकर आरोपी कथित तौर पर बच्चे को छोड़कर भाग गए। आरोप है कि जाते समय उन्होंने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद परिजन घायल रिहान को लेकर थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने घायल बच्चे को चिकित्सीय परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज भेजा, जहां उसका मेडिकल कराया गया। पीड़ित पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

थाना जसरथपुर के प्रभारी निरीक्षक सुबोध कुमार उपाध्याय ने बताया कि बच्चे का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *