पीड़िता की शिकायत पर पति समेत ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज, पुलिस ने शुरू की जांच
दिलीप सिह एटा
एटा। थाना सकीट क्षेत्र के अंगदपुर निवासी महिला ने अपने पति समेत ससुरालियों पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत के अनुसार घटना छह अगस्त की रात की बताई गई है।

महिला नारायण देवी पत्नी जसवंत सिंह ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि रात के समय उसके पति जसवंत सिंह, ससुर बहादुर सिंह पुत्र नाथूराम और रुबी पत्नी बहादुर सिंह उसके पास आए। आरोप है कि तीनों ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। महिला का कहना है कि आरोपियों ने लात-घूंसों और लाठी-डंडों से उसे पीटा।
मारपीट के दौरान वह बचने के लिए चिल्लाने लगी तो आरोपियों ने उसके गले में दुपट्टा डालकर जमीन पर खींचने का प्रयास किया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने उसे धमकाते हुए कहा कि जोर से खींचने पर उसकी जान जा सकती है। घटना के दौरान महिला की बहन नेमा देवी पत्नी संजय कुमार, निवासी साहयपुर कला थाना जसरा, फिरोजाबाद भी घर पर मौजूद थीं।
इसके अलावा उसकी मां शीला देवी पत्नी प्रेमसिंह, निवासी भदोरा थाना भोगांव, मैनपुरी भी वहां मौजूद थीं। महिला के अनुसार उसके चीखने पर गांव के कई लोग मौके पर पहुंच गए और उन्होंने बीच-बचाव कर उसे, उसकी मां और बहन को बचाया। पीड़िता ने पुलिस से मामले की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की थी।
शिकायती पत्र पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सात अगस्त को भोगांव, मैनपुरी में संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया। पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
