नई एलटी लाइन गांव में रखे 15 दिन बीते, फिर भी पुरानी जर्जर लाइन से हो रही बिजली आपूर्ति
संवाददाता आकाश मिश्र | बहराइच
महसी, बहराइच। विकासखंड महसी क्षेत्र के रेहुआ मंसूर गांव में पिछले करीब दो माह से जर्जर एलटी लाइन ग्रामीणों के लिए मुसीबत बनी हुई है। आए दिन लाइन में फाल्ट होने और आग लगने से बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। गुरुवार रात करीब आठ बजे मेन रोड स्थित पीडब्ल्यूडी मार्ग के ऊपर एलटी लाइन में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते तार धधकने लगी और करीब 20 मिनट तक आग की लपटें उठती रहीं।

मेन रोड होने के कारण देर रात तक इस मार्ग पर वाहनों और राहगीरों का आवागमन रहता है। ऐसे में सड़क के ऊपर जलती विद्युत लाइन से बड़ा हादसा होने की आशंका बनी रही। घटना के दौरान मार्ग पर आवागमन भी प्रभावित हुआ। गनीमत रही कि इस दौरान कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।
ग्रामीणों के अनुसार, गांव में एलटी लाइन की समस्या करीब दो माह से लगातार बनी हुई है। बार-बार लाइन में फाल्ट और आग लगने के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित होती रहती है। समस्या के समाधान को लेकर ग्रामीणों और पत्रकारों के सहयोग से उच्चाधिकारियों से बातचीत की गई, जिसके बाद करीब 300 मीटर नई एलटी लाइन उपलब्ध कराई गई।

ग्रामीणों का कहना है कि नई एलटी लाइन गांव में आए करीब 15 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक उसे स्थापित नहीं किया गया है। आरोप है कि नई लाइन उपलब्ध होने के बावजूद पुरानी जर्जर एलटी लाइन से ही बिजली आपूर्ति कराई जा रही है। इसके चलते बार-बार फाल्ट और आग लगने की घटनाएं सामने आ रही हैं।

लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के उच्चाधिकारियों से मांग की है कि गांव में रखी नई एलटी लाइन को तत्काल स्थापित कर जर्जर लाइन को हटाया जाए, ताकि बार-बार होने वाले फाल्ट और आग की घटनाओं पर रोक लग सके तथा किसी बड़े हादसे की आशंका को टाला जा सके।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जर्जर विद्युत लाइन के कारण भविष्य में कोई बड़ा हादसा होता है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग के अधिकारियों की होगी।
