रक्षाबंधन को लेकर पुलिस अधीक्षक ने शहर में किया पैदल भ्रमण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

बहराइच, 27 अगस्त। आगामी रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर बहराइच पुलिस ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव ने गुरुवार को शहर के प्रमुख एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का पैदल भ्रमण कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।

पुलिस अधीक्षक ने बस स्टेशन से पीपल तिराहा, घंटाघर होते हुए छावनी बाजार तक पैदल भ्रमण किया। इस दौरान प्रमुख बाजारों, मार्गों और भीड़भाड़ वाले स्थानों का निरीक्षण करते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में प्रभावी पुलिस गश्त, यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने तथा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के प्रति विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

भ्रमण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने आमजन एवं व्यापारियों से संवाद कर उनकी समस्याओं और सुरक्षा संबंधी आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने लोगों को रक्षाबंधन पर्व के दौरान सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

बहराइच पुलिस की ओर से पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती समेत व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं।

इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी, क्षेत्राधिकारी नगर नारायण दत्त मिश्रा, क्षेत्राधिकारी यातायात राज सिंह, प्रभारी निरीक्षक थाना कोतवाली नगर, थानाध्यक्ष दरगाह शरीफ सहित पुलिस बल मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *