मौत का सड़क : गोविंदपुर अन्ना चौक और आसपास का …..

झारखंड, जमशेदपुर। गोविंदपुर अन्ना चौक और आस-पास के सड़कों पर हो रही दुर्घटनाएं एवं मौत का जिम्मेवार कौन? अन्ना चौक के समीप जर्जर सड़क और जानलेवा बड़े-बड़े गड्ढों के कारण आज दिनांक 31 अगस्त 2026 को सुबह हुए एक सड़क हादसे ने स्थानीय जनता के सब्र का बांध तोड़ दिया।

दुर्घटना के बाद उपजे भारी आक्रोश के बीच स्थानीय जिला परिषद सदस्य डॉ. परितोष सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों ने सड़क के बीचों-बीच गड्ढों में पेड़ पौधे लगाकर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे डॉ. परितोष सिंह ने जिला प्रशासन और स्थानीय कंपनी प्रबंधनों की उदासीनता पर तीखा हमला बोला।

उन्होंने कहा, “जेम्को चौक से लेकर अन्ना चौक तक लगभग 5 बड़ी-बड़ी कंपनियां संचालित हो रही हैं, इसके बावजूद सड़क पर जलजमाव और बड़े-बड़े गड्ढों की स्थिति जस की तस बनी हुई है। आए दिन निर्दोष लोग दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि जिला प्रशासन और कंपनी प्रबंधन पूरी तरह मौन धारण कर किसी बड़ी अनहोनी एवं और जान जाने का इंतजार कर रही हैं।

” डॉ. सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत, जलजमाव, सड़क के किनारे मिट्टी के जमाव एवं सड़क के दोनों ओर भारी वाहनों का अवैध पार्किंग की समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकाला गया, तो आने वाले दिनों में क्षेत्र की जनता को साथ लेकर एक बड़ा जन-आंदोलन खड़ा किया जाएगा और पूरे औद्योगिक क्षेत्र की आर्थिक नाकेबंदी की जाएगी, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन और संबंधित कंपनियों की होगी।

उपरोक्त विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से जम्मी भास्कर, पिंकी सिंह, रमन सिंह, राजबान सिंह, गोविंदा लोहरा, इंद्रजीत सिंह, दिनेश सिंह समेत स्थानीय बस्तीवासी उपस्थित होकर अपनी मांगों लेकर अपनी आवाज बुलंद कर रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *