राजा का रामपुर। कस्बे के मोहल्ला मलियान में मंगलवार को एक अनियंत्रित तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने सड़क पर खेल रहे एक वर्षीय मासूम को बेरहमी से कुचल दिया। हादसों में गंभीर रूप से घायल बालक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जिससे परिजनों में कोहराम मच गया।

ननिहाल में रह रहा था मासूम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फर्रुखाबाद जिले के थाना मोहम्मदाबाद क्षेत्र स्थित ग्राम मुरास कन्हैया निवासी रसाल उर्फ कालिया का 1 वर्षीय पुत्र गुलशन कस्बे के मोहल्ला मलियान में अपने नाना जगदीश के पास रह रहा था। मंगलवार को बच्चा घर के बाहर खेल रहा था, तभी कस्बे की तरफ से आई एक तेज रफ्तार गाड़ी ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गाड़ी के दोनों पहिये मासूम के ऊपर से उतर गए।

एम्बुलेंस न मिलने पर पुलिस बनी मददगार
हादसे के बाद परिजन तुरंत बच्चे को स्थानीय डॉक्टरों के पास ले गए, लेकिन स्थिति नाजुक देख उन्होंने हाथ खड़े कर दिए। परिजनों ने कई बार 108 एम्बुलेंस सेवा पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन नहीं लगा। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे पुलिस उपनिरीक्षक महेंद्र सिंह व आरक्षी सुमित कुमार ने तत्परता दिखाते हुए निजी वाहन से गंभीर रूप से घायल बच्चे को तत्काल सीएचसी अलीगंज पहुंचाया। हालांकि, वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मासूम को मृत घोषित कर दिया।

अन्य लोग भी बाल-बाल बचे, पुलिस चौराहे से नदारद
दुर्घटना के बाद बेकाबू चालक गाड़ी को अत्यधिक तेज गति से थाने की दिशा में भगा ले गया। इस दौरान सड़क पर मौजूद कुछ अन्य लोग भी वाहन की चपेट में आने से बाल-बाल बचे। घटना को लेकर स्थानीय नागरिकों में गहरा रोष है। लोगों का आरोप है कि कस्बे के मुख्य चौराहे पर दिन के समय पुलिस पिकेट तैनात न रहने के कारण वाहन चालक मनमानी गति से गाड़ियां दौड़ाते हैं। पुलिस फिलहाल फरार चालक और वाहन की तलाश में जुटी है।
दिलीप सिंह मंडल ब्यूरो एटा
