छह घंटे में चोरी की ट्रॉली बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

अलीगंज। थाना अलीगंज पुलिस ने कृषि ट्रॉली चोरी की घटना का महज छह घंटे में खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई कृषि ट्रॉली के साथ घटना में प्रयुक्त महिंद्रा 575 ट्रैक्टर भी बरामद किया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी की घटना का खुलासा होने पर क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता की चर्चा रही।

पुलिस के अनुसार 14 सितंबर की रात ग्राम लडसिया निवासी वादी के घर के बाहर कृषि कार्य के लिए खड़ी ट्रॉली को अज्ञात चोर चोरी कर ले गए थे। ट्रॉली चोरी होने की जानकारी मिलने पर पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।

जांच के दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की ट्रॉली को ट्रैक्टर के साथ ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने कायमगंज रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी कर ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित दो संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने ट्रॉली चोरी की घटना में शामिल होना स्वीकार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नवनीत तिवारी निवासी ग्राम जसी, थाना जहानगंज, फर्रुखाबाद और शिवम दीक्षित निवासी बिछौरागंग, थाना अलीगंज के रूप में हुई।
थाना अध्यक्ष रूपेश कुमार वर्मा ने प्रेस नोट के माध्यम बताया कि पुलिस ने दोनों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर न्यायालय भेज दिया।

दिलीप सिंह मडल ब्यूरो एटा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *