वक्ताओं ने नशे के दुष्परिणामों से कराया अवगत, युवाओं से शिक्षा, खेल और राष्ट्र निर्माण में ऊर्जा लगाने का किया आह्वान

अलीगंज। डीएवी इंटर कॉलेज में बुधवार को मेरा भारत (MY Bharat), एटा के तत्वावधान में नेहरू युवा मंडल, अलीगंज की ओर से पड़ोस युवा संसद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें नशा मुक्ति विषय पर परिचर्चा कर युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया। वक्ताओं ने नशामुक्त समाज और स्वस्थ राष्ट्र के निर्माण में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. किशनवीर सिंह शाक्य, प्रांत सह बौद्धिक प्रमुख, ब्रज क्षेत्र एवं पूर्व सदस्य उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. भूपेंद्र सिंह शाक्य, असिस्टेंट प्रोफेसर बलवंत विद्यापीठ रूरल इंस्टीट्यूट आगरा तथा डीएवी इंटर कॉलेज के अध्यक्ष राजकुमार बैस मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन स्वीप कोऑर्डिनेटर एवं यूथ आइकॉन दयानंद श्रीवास्तव ने किया।

परिचर्चा में वक्ताओं ने कहा कि नशा व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने के साथ परिवार और समाज की खुशहाली को भी प्रभावित करता है। युवाओं को नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल, कौशल विकास और रचनात्मक कार्यों में लगानी चाहिए। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ अपने मित्रों और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की।

कार्यक्रम संयोजक सुरेंद्र पाल सिंह, नेहरू युवा मंडल अध्यक्ष कौशलेंद्र रतन शाक्य तथा प्रधानाचार्य डॉ. होम सिंह की उपस्थिति रही। इसके अलावा सिद्धार्थ शाक्य, शैलजेश मिश्रा, डॉ. रोहित शाक्य, विकास राजपूत, सनी सक्सेना, अजय लोधी, कृष्ण कुमार, कर्मवीर, इंद्र कुमार यादव, उपदेश कुमार सिंह, अर्चना सक्सेना, नीलम राठौर, नेमा यादव सहित शिक्षक और युवा मौजूद रहे।
अंत में सभी उपस्थित लोगों ने नशे से दूर रहने और समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
