युवकों ने शराब के नशे मे किशोर के साथ रास्ते में घेरकर की मारपीट, घायल

अलीगंज दीपावली के पर्व पर जहां लोग घरों और प्रतिष्ठानों में दीप जलाकर खुशियां मना रहे थे, वहीं थाना नयागांव क्षेत्र में एक किशोर के साथ मारपीट की घटना सामने आई है। समरसेबल पर दीपक जलाने जा रहे 17 वर्षीय किशोर को कुछ लोगों ने रास्ते में रोककर हमला कर दिया। मारपीट में किशोर के सिर में चोट लग गई।
पीड़ित पक्ष ने हमलावरों पर शराब के नशे में धुत होकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद से पीड़ित परिवार में आक्रोश है।जानकारी के अनुसार गांव नावर निवासी आकाश पुत्र सुधीर कुमार दीपावली के अवसर पर अपने समरसेबल पर दीपक जलाने के लिए जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसे कुछ लोग मिल गए। आरोप है कि उक्त लोग शराब के नशे में थे और किसी बात को लेकर उन्होंने किशोर के साथ अभद्रता शुरू कर दी।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने आकाश के साथ मारपीट कर दी। हमले में उसके सिर में चोट लग गई। अचानक हुई घटना से किशोर घबरा गया और किसी तरह वहां से निकलकर अपने घर पहुंचा। घर पहुंचने के बाद आकाश ने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।
किशोर के सिर में चोट देखकर परिजन भी चिंतित हो गए। इसके बाद परिजन उसे लेकर थाना नयागांव पहुंचे और पुलिस को घटना से अवगत कराया। पुलिस ने घायल किशोर को चिकित्सकीय परीक्षण एवं उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज भेज दिया।
जहां उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया।सीओ राजेश सिंह ने बताया कि किशोर के साथ मारपीट की सूचना मिली है। घायल को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए सीएचसी अलीगंज भेजा गया है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
