खुले नाले में फंसी रोडवेज बस, यात्रियों ने धक्का लगाकर निकाला बाहरबस स्टैंड पर लंबे समय से खुला पड़ा है नाली का हिस्सा, मरम्मत की उठी मां

अलीगंज के रोडवेज बस स्टैंड पर अव्यवस्थाओं और जिम्मेदार विभाग की लापरवाही का खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ा। बस स्टैंड परिसर में खुले पड़े नाले में रोडवेज की एक बस फंस गई। नाले में बस का पहिया धंसने से वह काफी देर तक आगे नहीं बढ़ सकी। अचानक हुई इस घटना से बस में बैठे यात्रियों में असुविधा की स्थिति पैदा हो गई। काफी प्रयास के बाद यात्रियों और मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने एकजुट होकर बस को धक्का लगाया, जिसके बाद बस किसी तरह खुले नाले से बाहर निकल सकी।

गनीमत रही कि इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और सभी यात्री सुरक्षित रहे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बस स्टैंड पर नाली का एक हिस्सा लंबे समय से खुला पड़ा है। नाले को ढकने के लिए न तो लोहे की जाली लगाई गई है और न ही उसके ऊपर कोई पटिया रखी गई है। इसके बावजूद प्रतिदिन रोडवेज की बसें और अन्य छोटे-बड़े वाहन इसी रास्ते से गुजरते हैं। ऐसे में वाहन चालकों को हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। बस के नाले में फंसने की घटना ने व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी।

स्थानीय निवासी अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि बस स्टैंड पर खुले नाले की समस्या को नजरअंदाज किया जा रहा है। यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में रोडवेज बसों का आवागमन होता है। इसके बावजूद नाले को सुरक्षित तरीके से ढकने की व्यवस्था नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते नाले को नहीं ढका गया तो किसी दिन बस या अन्य वाहन के साथ बड़ी दुर्घटना हो सकती है। संबंधित विभाग को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।

वहीं स्थानीय निवासी अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि उनका घर बस स्टैंड के समीप ही है। वह रोजाना देखते हैं कि यहां से रोडवेज की बसें गुजरती हैं और खुले नाले के कारण वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ती है। कई बार वाहन फंसने की स्थिति बन जाती है। बस के नाले में फंसने की घटना इसी लापरवाही का नतीजा है। उन्होंने प्रशासन से स्थायी समाधान कराने की मांग की।

एसडीएम अलीगंज डॉ. शशि शेखर ने बताया कि बस स्टैंड पर खुले नाले की समस्या को गंभीरता से लिया गया है। संबंधित अधिकारियों को मौके की स्थिति का जायजा लेकर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए जाएंगे। नाली के खुले हिस्से को जल्द से जल्द सुरक्षित तरीके से ढकवाने की व्यवस्था कराई जाएगी। सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। भविष्य में बसों और अन्य वाहनों के आवागमन के दौरान ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *