नवनीत कुमार सिंह मोतिहारी
मोतिहारी। हरसिद्धि आगामी लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर प्रशासनिक अमला पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में स्थानीय प्रशासन द्वारा हरसिद्धि बाजार और छठ घाट परिसर में एक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।अभियान का नेतृत्व अनुमंडल पदाधिकारी सुजित कुमार और अरेराज डीएसपी पंकज कुमार मिश्रा ने संयुक्त रूप से किया।

इस दौरान अधिकारियों ने खुद हाथों में झाड़ू थामकर घाट और बाजार की सफाई की तथा आसपास के लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि छठ महापर्व की पवित्रता को बनाए रखने के लिए यह आवश्यक है कि घाटों और उसके आसपास के क्षेत्रों में पूर्ण स्वच्छता बनी रहे। उन्होंने दुकानदारों और स्थानीय लोगों से कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालने का आह्वान किया।
इस स्वच्छता अभियान में हरसिद्धि थानाध्यक्ष सुनील कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार सहित कई अन्य प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्वच्छता कर्मी एवं कर्मचारी शामिल रहे। अधिकारियों के इस प्रेरणादायक कदम से स्थानीय लोगों में भी स्वच्छता को लेकर खासा उत्साह देखा गया।
