धान के खेत में पानी लगाने गए किसान को सांप ने डसा, अस्पताल पहुंचते ही मौत

अलीगंज। थाना क्षेत्र के ग्राम विजयदेपुर में धान के खेत में पानी लगाने गए किसान की सर्पदंश से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एटा भेजा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विजयदेपुर निवासी किसान मानसिंह अपनी पत्नी पूनम के साथ परिवार का भरण-पोषण करते थे। 18 अगस्त 2026 की रात करीब आठ बजे मानसिंह घर पर खाना खाने के बाद धान के खेत में पानी लगाने के लिए गए थे। इसी दौरान खेत में मौजूद सांप ने उन्हें डस लिया। सर्पदंश के बाद परिजन उन्हें झाड़-फूंक कराने के लिए ले गए, लेकिन उनकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ।

इसके बाद परिजन मानसिंह को उपचार के लिए अस्पताल लेकर जा रहे थे। अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक की पत्नी पूनम और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मानसिंह अपने पीछे पत्नी पूनम और तीन मासूम पुत्रियों को छोड़ गए हैं। उनकी एक वर्षीय पुत्री आरुनि, पांच वर्षीय आरोही और सात वर्षीय रागिनी हैं। पिता की मौत से मासूम बच्चियों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

मृतक की पत्नी पूनम ने घटना की तहरीर थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एटा भेज दिया। घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है।

दिलीप सिंह अलीगंज एटा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *