‘हर-हर महादेव’ से गूंजा अलीगंज, विधायक सत्यपाल सिंह राठौर ने 5 फुट के शिवलिंग की पूजा कर दिखाई शिवभक्ति

दिलीप सिंह अलीगज एटा

नंदी संग अटेना घाट के लिए निकले शिवभक्त, सावन के दूसरे सोमवार पर गंगाजल से होगा भोलेनाथ का जलाभिषेक

अलीगंज। सावन के दूसरे सोमवार से एक दिन पहले रविवार को अलीगंज का कांशीराम मोहल्ला भगवान भोलेनाथ की भक्ति में डूबा नजर आया। यहां से शिवभक्त 5 फुट ऊंचे शिवलिंग को नंदी के साथ लेकर कंपिल स्थित अटेना घाट के लिए रवाना हुए। यात्रा रवाना होने से पहले अलीगंज विधायक सत्यपाल सिंह राठौर और उनके पुत्र सूरज सिंह राठौर ने संयुक्त रूप से शिवलिंग का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया।

पूजन के बाद जैसे ही शिवभक्त शिवलिंग को लेकर यात्रा पर निकले, पूरा क्षेत्र हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंज उठा। डीजे पर बज रहे भगवान शिव के भजनों ने माहौल को पूरी तरह भक्तिमय कर दिया। शिवभक्त भजनों की धुन पर जमकर झूमते और नृत्य करते नजर आए। यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं में खासा उत्साह दिखाई दिया।

अटेना घाट से लाएंगे गंगाजल

शिवभक्त 5 फुट ऊंचे शिवलिंग को नंदी के साथ लेकर अलीगंज से कंपिल के अटेना घाट पहुंचेंगे। वहां गंगा में स्नान और पूजन के बाद गंगाजल लेकर वापस अलीगंज लौटेंगे। इसके बाद सावन के दूसरे सोमवार को कांशीराम मोहल्ले स्थित शिव मंदिर में इसी गंगाजल से भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से जलाभिषेक किया जाएगा।

सावन के दूसरे सोमवार को होने वाले जलाभिषेक को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। शिवभक्तों का कहना है कि भगवान शिव की आराधना और गंगाजल से जलाभिषेक करने की परंपरा श्रद्धा और आस्था से जुड़ी हुई है।

विधायक बोले—शिवभक्ति का आयोजन आस्था का प्रतीक

अलीगंज विधायक सत्यपाल सिंह राठौर ने कहा कि सावन का महीना भगवान शिव की आराधना के लिए विशेष माना जाता है। शिवभक्तों द्वारा 5 फुट के शिवलिंग को नंदी के साथ अटेना घाट ले जाकर गंगाजल लाना और सावन के दूसरे सोमवार को भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करना श्रद्धा और आस्था का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बनता है। उन्होंने सभी शिवभक्तों को सावन के दूसरे सोमवार की शुभकामनाएं देते हुए भगवान भोलेनाथ से क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।

यात्रा के दौरान पूरे रास्ते हर-हर महादेव, बम-बम भोले के जयकारे गूंजते रहे और शिवभक्त भगवान शिव की भक्ति में झूमते नजर आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *