दिलीप सिंह अलीगंज एटा
अमरोली रोड पर हुआ हादसा, डायल-112 पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल; कोतवाली पुलिस को अभी नहीं दी गई तहरीर
अलीगंज। कोतवाली क्षेत्र के अमरोली रोड स्थित एमआरएफ टायर एजेंसी के पास शुक्रवार को एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची डायल-112 पुलिस ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अलीगंज में भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया।

घायल धर्मेंद्र (25) पुत्र शेर सिंह निवासी ग्राम असद, थाना कुरावली, जनपद मैनपुरी ने बताया कि वह अपने चचेरे भाई कुलदीप की बारात में शामिल होने के लिए भूधिक नगला, थाना मेरापुर, जनपद फर्रुखाबाद आए थे। शुक्रवार को वह बाइक से वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान अमरोली रोड पर एमआरएफ टायर एजेंसी के पास उनकी बाइक में दूसरी बाइक ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
धर्मेंद्र ने बताया कि टक्कर मारने के बाद दूसरा बाइक सवार मौके से फरार हो गया और उन्हें यह भी पता नहीं चल सका कि वह किस दिशा में गया।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पर तैनात कांस्टेबल जितेंद्र सिंह और वीर सिंह मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल सीएचसी अलीगंज पहुंचाकर भर्ती कराया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
मामले में अभी तक कोतवाली अलीगंज के थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह का कहना है,सूचना मिलने पर डायल 112 गई थी,घायल को सीएचसी अलीगंज पर भर्ती करवाया गया है,मौके पर जांच के लिए दरोगा कपिल कुमार को पुलिस बल के साथ भेजा गया है।जांच के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी।
