बहराइच में अवैध पेट्रोल-डीजल कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, 825 लीटर ईंधन बरामद


बहराइच, 22 अप्रैल। जनपद में पेट्रोल-डीजल की कालाबाजारी और अवैध भंडारण के खिलाफ पुलिस ने व्यापक अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। विभिन्न थाना क्षेत्रों में की गई छापेमारी के दौरान कुल 825 लीटर पेट्रोल/डीजल बरामद किया गया।

पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में, जिला पूर्ति विभाग एवं प्रशासनिक टीम के साथ संयुक्त रूप से यह अभियान चलाया गया। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) दुर्गा प्रसाद तिवारी के मार्गदर्शन में थाना रामगांव, मोतीपुर, नवाबगंज, खैरीघाट और मुर्तिहा क्षेत्रों में सघन चेकिंग और छापेमारी की गई।

कार्रवाई के दौरान सामने आया कि कुछ लोग पेट्रोल-डीजल का अवैध भंडारण कर उसे अधिक कीमत पर बेच रहे थे। पुलिस ने सभी मामलों में आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत मुकदमे दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

👉 पकड़े गए अभियुक्त:
कृपाराम (मोतीपुर), सोनू जायसवाल (नवाबगंज), रियाज अहमद (खैरीघाट), बृजेश कुमार व अनिल गुप्ता (रामगांव), इसराइल (रामगांव), धीरेन्द्र जायसवाल (रामगांव), राम अवध (मुर्तिहा)

प्रशासन को सूचना मिल रही थी कि ईंधन की कमी को लेकर अफवाह फैलाकर कृत्रिम अभाव पैदा करने का प्रयास किया जा रहा है। इसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है और ऐसे तत्वों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है।

👉 मुख्य बरामदगी:
मोतीपुर – 95 लीटर, नवाबगंज – 60 लीटर, खैरीघाट – 70 लीटर, रामगांव – 530 लीटर, मुर्तिहा – 70 लीटर पेट्रोल/डीजल।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। साथ ही आम जनता से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *