अलीगंज। तहसील क्षेत्र के थाना जसरथपुर अंतर्गत ग्राम दहेलिया पूठ में ग्राम सभा की भूमि पर किए गए अवैध कब्जे के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। राजस्व विभाग की टीम ने क्षेत्राधिकारी अलीगंज एवं पुलिस बल की मौजूदगी में अवैध निर्माण को ध्वस्त कर भूमि को कब्जामुक्त कराया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम दहेलिया पूठ निवासी बलवीर सिंह पुत्र तेज सिंह द्वारा गाटा संख्या 262 (नवीन परती/ग्राम सभा भूमि) के लगभग 380 वर्ग मीटर क्षेत्रफल पर अवैध रूप से दुकान एवं आवासीय परिसर का निर्माण कर कब्जा कर लिया गया था।
प्रशासन द्वारा की गई जांच में भूमि पर अवैध कब्जा पाए जाने के बाद कार्रवाई करते हुए राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर क्षेत्राधिकारी अलीगंज तथा पुलिस बल की उपस्थिति में निर्माण को ध्वस्त करा दिया। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए थे।

55 लाख रुपये मूल्य की भूमि हुई कब्जामुक्त
अधिकारियों के अनुसार, कब्जामुक्त कराई गई ग्राम सभा की भूमि की अनुमानित बाजार कीमत करीब 55 लाख रुपये आंकी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी एवं ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में अभियान चलाकर कार्रवाई जारी रहेगी।

अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन सख्त
राजस्व अधिकारियों ने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुरूप सरकारी एवं ग्राम सभा की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान लगातार चलाया जा रहा है। क्षेत्र में चिन्हित अन्य अवैध कब्जों के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
दिलीप सिंह संवाददाता अलीगंज एटा
