सीओ सकीट नीतीश गर्ग ने किया थाना रिजोर का त्रैमासिक निरीक्षण, अभिलेखों और जनसुनवाई व्यवस्था का लिया जायजा

एटा। क्षेत्राधिकारी सकीट नीतीश गर्ग ने मंगलवार को थाना रिजोर का त्रैमासिक निरीक्षण कर थाना परिसर की व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर, बैरक, मैस, अभिलेख प्रबंधन, मालखाना, शस्त्रागार, हवालात, महिला सहायता डेस्क, मिशन शक्ति केंद्र, सीसीटीएनएस कार्यालय, कंप्यूटर कक्ष तथा विभिन्न रजिस्टरों का बारीकी से निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी ने आगंतुक रजिस्टर, जनसुनवाई रजिस्टर, रजिस्टर संख्या-04, रजिस्टर संख्या-08, मिशन शक्ति काउंसलिंग रजिस्टर एवं कार्य वितरण रजिस्टर की भी समीक्षा की। उन्होंने अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव और कार्यालयी कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।

सीओ नीतीश गर्ग ने थाना परिसर और शौचालयों की साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। साथ ही जनसुनवाई के दौरान प्राप्त होने वाले प्रार्थना पत्रों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने महिला सहायता डेस्क पर आने वाली शिकायतों के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने तथा मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत संचालित गतिविधियों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए भी संबंधित पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान थाना पुलिस बल मौजूद रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *