बहराइच। जनपद के कैसरगंज थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात पुलिस और एक इनामी बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में ₹25 हजार का इनामी और गोवध निवारण अधिनियम समेत कई मामलों में वांछित अभियुक्त अशरफ अली उर्फ टन्ने के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कैसरगंज भेजा गया। मौके से पुलिस ने एक देशी तमंचा, कारतूस और नकदी बरामद करने का दावा किया है।

पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव द्वारा अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जनपदभर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना कैसरगंज, गंडारा चौकी प्रभारी और पुलिस टीम सोमवार रात सोनारी चौराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गोवध के मामले में फरार और थाना कैसरगंज का वांछित अभियुक्त अशरफ अली उर्फ टन्ने हरनी गांव से प्यारेपुर जाने वाले मार्ग की पुलिया पर मौजूद है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, खुद को चारों ओर से घिरा देख अभियुक्त ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें अभियुक्त के दाहिने पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अशरफ अली उर्फ टन्ने (40 वर्ष) पुत्र मोहम्मद उमर, निवासी ग्राम बढ़ोली चौकीदारनपुरवा, थाना कैसरगंज, जनपद बहराइच के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक देशी तमंचा (.315 बोर), एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा कुछ नकदी बरामद हुई।
पुलिस का कहना है कि अशरफ अली उर्फ टन्ने शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ थाना कैसरगंज में गोवध निवारण अधिनियम सहित करीब आधा दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी पर ₹25 हजार का इनाम भी घोषित था।
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने बताया कि घायल अभियुक्त का उपचार कराया जा रहा है तथा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
