चार दिन से अंधेरे में साडरपुर, फुंका ट्रांसफार्मर बना 1500 ग्रामीणों की परेशानी का कारण

भीषण गर्मी में बिजली गुल होने से पेयजल संकट गहराया, रातें हुईं बेचैन

अलीगंज अलीगंज क्षेत्र के ग्राम साडरपुर में पिछले चार-पांच दिनों से फुंका ट्रांसफार्मर ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी का सबब बन गया है। लगातार बिजली आपूर्ति बाधित रहने से करीब 1500 की आबादी भीषण गर्मी में अंधेरे और उमस भरे माहौल में दिन-रात गुजारने को मजबूर है। बिजली न होने का असर केवल रोशनी तक सीमित नहीं है, बल्कि पेयजल व्यवस्था, घरेलू कामकाज और बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि कई दिनों से बिजली न आने के कारण जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। गांव निवासी रोशनलाल ने बताया कि ट्रांसफार्मर करीब चार-पांच दिन पहले खराब हो गया था। इसकी जानकारी उसी समय संबंधित लाइनमैन को दे दी गई थी। ग्रामीणों को उम्मीद थी कि जल्द नया ट्रांसफार्मर लग जाएगा, लेकिन कई दिन बीतने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।

बिजली न होने से घरों में लगे पंखे और कूलर बंद पड़े हैं, जिससे भीषण गर्मी में लोगों का रहना मुश्किल हो गया है। वहीं मोटरें नहीं चल पाने से पेयजल की समस्या भी लगातार बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि रात के समय सबसे अधिक परेशानी होती है। गर्मी और मच्छरों के बीच लोगों की नींद पूरी नहीं हो पा रही है।

छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने विभाग से मांग की है कि समस्या को गंभीरता से लेते हुए तत्काल ट्रांसफार्मर बदलकर बिजली आपूर्ति बहाल की जाए। उधर विद्युत विभाग का कहना है कि ट्रांसफार्मर बदलने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

जेई देहात सुंदर सिंह ने बताया कि रविवार होने के कारण नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध नहीं कराया जा सका। उन्होंने आश्वस्त किया कि कार्यदिवस शुरू होने के बाद 24 घंटे के भीतर नया ट्रांसफार्मर लगाकर गांव की बिजली आपूर्ति सुचारू कर दी जाएगी। विभाग के इस आश्वासन के बाद ग्रामीणों को उम्मीद है कि जल्द ही उन्हें बिजली संकट से राहत मिलेगी।

दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा उत्तर प्रदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *