7 दिवसीय कथा में गूंजे धर्म, भक्ति और मानव कल्याण के संदेश
एटा। शहर के न्यू रेवाड़ी मोहल्ला में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह एवं ज्ञान यज्ञ रविवार को धार्मिक उल्लास और भक्तिमय वातावरण के बीच विधिवत संपन्न हो गया। 29 जून से प्रारंभ हुए इस आध्यात्मिक आयोजन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए पहुंचे। समापन अवसर पर कन्या पूजन कर उन्हें चुनरी ओढ़ाई गई तथा उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके बाद विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर धर्म लाभ अर्जित किया।

कथा के दौरान प्रसिद्ध सरस कथा वाचिका मीना शास्त्री ने श्रीमद्भागवत महापुराण की विभिन्न लीलाओं और प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन करते हुए भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, भक्त प्रह्लाद, ध्रुव चरित्र, गोवर्धन लीला तथा भक्ति के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं शीलेंद्र सांवरिया मेहनी वाले और विनय आचार्य ने भी अपने मधुर प्रवचनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म, संस्कार, मानव सेवा और सदाचार का संदेश दिया।
कथा के दौरान पूरा पंडाल भक्ति रस में डूबा दिखाई दिया और श्रद्धालु भजन-कीर्तन में भावविभोर होकर शामिल हुए। आयोजन में कथा के परीक्षित के रूप में श्रीमती ममता देवी एवं मुकेश यादव ने धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता निभाई। वहीं यज्ञपति के रूप में श्रीमती रीता देवी एवं अजय कुमार ने वैदिक विधि-विधान से यज्ञ संपन्न कराया। समापन पर विधिवत पूर्णाहुति के साथ क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की गई।
आयोजकों ने बताया कि कथा का उद्देश्य समाज में धार्मिक चेतना, नैतिक मूल्यों और भारतीय संस्कृति के प्रति आस्था को मजबूत करना है। पूरे आयोजन में श्रद्धालुओं का उत्साह देखने लायक रहा। कार्यक्रम को सफल बनाने में आयोजक मुकेश यादव, संयोजक यशपाल, कलियान सिंह, मुनेश यादव, अमन यादव, आदेश यादव, राहुल यादव सहित अनेक श्रद्धालुओं ने सक्रिय सहयोग दिया।
दिलीप सिंह हिमा हूं कुशवाह मंडल ब्योरों एटा उत्तर प्रदेश
