संवाददाता :
बहराइच। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी करप्शन संगठन देवीपाटन मंडल गोंडा की टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना रिसिया में तैनात उपनिरीक्षक (एसआई) सुभाष चंद्र चौहान को ₹5,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन से शिकायत की थी कि उसके विरुद्ध दर्ज मुकदमे में कार्रवाई को प्रभावित करने तथा जेल न भेजने के नाम पर रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत का सत्यापन कराने के बाद एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया ।

निरीक्षक धनंजय कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित ट्रैप टीम ने 9 जून 2026 को थाना रिसिया स्थित सरकारी कक्ष में आरोपी उपनिरीक्षक को ₹5,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी दोपहर 2:17 बजे की गई।
गिरफ्तार आरोपी सुभाष चंद्र चौहान वर्तमान में थाना रिसिया में उपनिरीक्षक के पद पर तैनात था। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। एंटी करप्शन विभाग ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो उसकी शिकायत विभागीय हेल्पलाइन पर करें, ताकि दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा सके।
