
बहराइच। पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में महाराजा सुहेलदेव स्मारक, चितौरा में आयोजित दो दिवसीय कार्यक्रम के दौरान मिशन शक्ति अभियान 5.0 के अंतर्गत मिशन शक्ति टीम द्वारा जागरूकता स्टॉल लगाकर महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, आत्मनिर्भरता एवं साइबर जागरूकता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं।

अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी पयागपुर हर्षिता तिवारी के नेतृत्व में आयोजित जागरूकता अभियान में महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 एवं साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें आवश्यकता पड़ने पर इन सेवाओं का निःसंकोच उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान मिशन शक्ति टीम द्वारा साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी कॉल, सोशल मीडिया अपराध, घरेलू हिंसा, बाल विवाह एवं महिला उत्पीड़न जैसी समस्याओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साइबर जागरूकता स्टॉल के माध्यम से डिजिटल सुरक्षा एवं साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में भी महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में पहुंचे जनपद के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने मिशन शक्ति जागरूकता स्टॉल का अवलोकन कर महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक करने हेतु पुलिस विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

मिशन शक्ति टीम द्वारा उपस्थित महिलाओं एवं बालिकाओं को आत्मरक्षा एवं जागरूकता से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए गए। बड़ी संख्या में महिलाओं एवं बालिकाओं ने स्टॉल पर पहुंचकर जानकारी प्राप्त की तथा मिशन शक्ति अभियान को समाजहित में उपयोगी पहल बताया।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह, क्षेत्राधिकारी पयागपुर हर्षिता तिवारी सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारीगण, गणमान्य व्यक्ति एवं आमजन मौजूद रहे।
