एसडीएम को रोककर छात्रों ने दिन-दहाड़े हुई चोरी पर जताया रोष
छपिया थाना प्रभारी प्रबोध कुमार ने महाविद्यालय परिसर मे लगे सीसीटीवी फुटेज से शुरू की जांच पड़ताल

गोण्डा। माँ गायत्री रामसुख पाण्डेय पीजी कॉलेज मसकनवा- गोंडा में परीक्षा देने आये 14 परीक्षार्थियो के मोबाइल फोन कैम्पस के पार्किंग में खड़ी बाइक के डिग्गी तोड़कर चोरी होने का मामला सामने आया है। परीक्षार्थियो ने एसडीएम मनकापुर को रोककर रोष जताया। थाने मे लिखित तहरीर दी गई है।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मां गायत्री रामसुख पाण्डेय पीजी कॉलेज मसकनवां में चल रही सेमेस्टर परीक्षा में शुक्रवार सुबह 11:30 बजे से 01:30 बीए चतुर्थ सेमेस्टर हिन्दी की परीक्षा देकर निकले परीक्षार्थी छात्र महाविद्यालय के कैम्पस में अपने बाइक के पास पहुंचे तो देखा बाइक के डिग्गी का लाक टूटा था। इस तरह एक-एक कर छात्र अपने बाइक के पास पहुंचते तो डिग्गी के लाक टूटे और उसमे रखी मोबाइल गायब थी। इस तरह 14 बाइको की डिग्गी टूटी थी और उसमे रखी मोबाइल गायब थी।
एक साथ 14 मोबाइल फोन डिग्गी तोड़कर गायब होने पर छात्रो मे आक्रोश व्याप्त हो गया। तत्काल महाविद्यालय के प्राचार्य घनश्याम शुक्ला को जानकारी छात्रों ने दी। प्राचार्य ने तत्काल थाना प्रभारी उप निरीक्षक छपिया प्रबोध कुमार को दी उन्होनें महाविद्यालय पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू की। इसी बीच उप जिलाधिकारी मनकापुर अवनीश त्रिपाठी भी मौके पर पहुंचे ही थे। महाविद्यालय के छात्रो ने एसडीएम का घेराव कर चोरी हुए मोबाइल के सम्बन्ध में उप जिलाधिकारी को अवगत कराया है। मोबाइल चोरी के सम्बन्ध में बीए चतुर्थ सेमेस्टर के छात्र अभिनव गर्ग ने सामूहिक रूप से छपिया पुलिस को लिखित तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है।
थाना प्रभारी उप निरीक्षक प्रबोध कुमार ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू करते हुए महाविद्यालय परिसर मे लगे सीसीटीवी फुटेज के अनुसार जांच पड़ताल शुरू कर दी है। प्राचार्य घनश्याम शुक्ला ने बताया महाविद्यालय के छात्र अभिनव गर्ग द्वारा सामुहिक तहरीर देकर पुलिस को मुकदमा दर्ज कराया है। महाविद्यालय प्रशासन विद्यालय परिसर की सुरक्षा को लेकर चौकन्ना है,आगे से ऐसी कोई घटना न हो इसके लिए सुरक्षा से संबंधित विशेष निगरानी की जायेगी।
