केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर उभयी असदनगर में लगी रात्रि चौपाल, विधायक सत्यपाल सिंह राठौर ने सुनीं जनसमस्याएं


चकरोड और खड़ंजा निर्माण की मांग प्रमुखता से उठी, अधिकारियों को एक सप्ताह में निस्तारण के दिए निर्देश


अलीगंज। केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शनिवार को विकासखंड अलीगंज के ग्राम उभयी असदनगर में रात्रि चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अलीगंज विधायक श्री सत्यपाल सिंह राठौर ने की। चौपाल में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी ग्रामीणों को दी, वहीं विधायक ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।


रात्रि चौपाल में उपजिलाधिकारी (एसडीएम) अलीगंज, खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) अलीगंज, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज के चिकित्सा अधीक्षक (एमओआईसी), कृषि विभाग, समाज कल्याण विभाग, बाल विकास परियोजना, पुलिस विभाग, कृषि रक्षा विभाग सहित अन्य विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भी सहभागिता की।


चौपाल के दौरान केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को विस्तार से पढ़कर सुनाया गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया।


कार्यक्रम में विधायक सत्यपाल सिंह राठौर ने ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं और मांगों को सुना। ग्रामीणों ने गांव के विभिन्न चकरोडों की खराब स्थिति, खड़ंजा निर्माण, जल निकासी एवं अन्य विकास संबंधी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। ग्रामीणों ने बताया कि कई संपर्क मार्गों की स्थिति खराब होने से आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, जिससे किसानों और आमजन को परेशानी होती है।


विधायक ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी शिकायतों और मांगों को गंभीरता से दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी शिकायत को अनदेखा नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि चौपाल में प्राप्त सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण कर एक सप्ताह के भीतर उनके निस्तारण की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।


इस दौरान अधिकारियों ने भी ग्रामीणों की समस्याओं को नोट करते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्यवाही का भरोसा दिलाया। रात्रि चौपाल के माध्यम से सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने तथा ग्रामीणों की समस्याओं के मौके पर समाधान की दिशा में प्रभावी पहल की गई।


कार्यक्रम के अंत में विधायक ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने ग्रामीणों से सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने और विकास कार्यों में सहयोग करने की अपील की।

दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा उत्तर प्रदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *