परसुडीह थाना। शांति व्यवस्था भंग करने वालों पर; पुलिस की रहेगी पैनी नजर!

झारखंड, जमशेदपुर।ईदुल-अज़हा पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं आपसी भाईचारे के वातावरण में सम्पन्न कराने को लेकर परसुडीह पुलिस स्टेशन में थानाध्यक्ष अविनाश कुमार एवं डीएसपी सुमित कुमार की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक की गई। उक्त बैठक में अंचल के सीआइ मनोज कुमार सिन्हा, जीप कविता परमार, ब्लॉक प्रमुख पानी सोरेन एवं शांति समिति के सदस्य गण समेत स्थानीय प्रमुख गण व थाना के पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी, साफ-सफाई, पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति की निर्बाध व्यवस्था आदि को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं आपत्तिजनक पोस्ट साझा नहीं करने की अपील की गई।

डीएसपी (लॉ एंड ऑर्डर) सुमित कुमार ने कहा कि सभी लोग आपसी सौहार्द एवं भाईचारे की भावना के साथ पर्व मनाएं। उन्होंने अपना नंबर साझा करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर थाना प्रभारी एवं हमें सूचित करें। थाना अध्यक्ष अविनाश कुमार ने कहा कि त्यौहार में कुछ ऐसा मानवीय पहल करें जो यादगार बन जाए। सोशल मिडिया के माध्यम से किसी भी अपुष्ट खबर को प्रसारित न करें, अफवाहों पर ध्यान न दें। वहीं बैठक में उपस्थित शांति समिति के सदस्यों ने भी पर्व को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *