महसी में तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, बुलडोजर से हुई पुष्पवर्षा

संवाददाता आकाश मिश्र बहराइच

महसी (बहराइच)। स्वतंत्रता दिवस से पूर्व ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत मंगलवार को महसी विधानसभा क्षेत्र में विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। भाजपा विधायक सुरेश्वर सिंह के नेतृत्व में निकली यात्रा में हजारों की संख्या में क्षेत्रवासी शामिल हुए। ‘भारत माता की जय’ और ‘रंग दे बसंती चोला’ के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।

रमपुरवा स्थित भगवान परशुराम मंदिर से शुरू हुई यात्रा पन्नहा, ओंकारसिंह पुरवा, कपूरपुर, सोतिया भट्ठा, बाजपेईपुरवा और महाराजगंज होते हुए तहसील मुख्यालय पहुंची। तेज धूप के बावजूद लोगों में उत्साह बना रहा। हाथों में तिरंगा लिए लोग देशभक्ति के नारों के साथ यात्रा में आगे बढ़ते रहे।

करीब दो किलोमीटर लंबे काफिले में बड़ी संख्या में दोपहिया और चार पहिया वाहन शामिल रहे। पन्नहा में बुलडोजर से पुष्पवर्षा कर तिरंगा यात्रा का स्वागत किया गया। मार्ग में जगह-जगह स्थानीय नागरिकों ने भी पुष्पवर्षा की। वहीं युवाओं ने स्केटिंग करते हुए विभिन्न करतब दिखाकर लोगों का ध्यान आकर्षित किया। यात्रा का समापन महसी ब्लॉक मुख्यालय स्थित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शिलापट्ट पर हुआ। यहां शहीदों को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।

विधायक सुरेश्वर सिंह ने कहा कि तिरंगा यात्रा देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले अमर शहीदों के सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से बुजुर्गों के मार्गदर्शन में सशक्त भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। इस दौरान नानपारा चीनी मिल के निदेशक अखंड प्रताप सिंह ‘गोलू’, जिला उपाध्यक्ष रामनिवास जायसवाल, जिला मंत्री शशिकांत त्रिपाठी, तेजवापुर के प्रमुख प्रतिनिधि रमाकर पांडेय समेत बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी और प्रबुद्ध नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *