बहराइच। आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में बुधवार को पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव ने थाना नानपारा, चौकी राजाबाजार तथा महिला थाना नानपारा का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना परिसर, अभिलेखों, सुरक्षा इंतजामों और पुलिस व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद उनके नेतृत्व में नानपारा क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के माध्यम से आमजन में सुरक्षा और विश्वास का संदेश दिया गया तथा लोगों से भाईचारे और शांति के साथ त्योहार मनाने की अपील की गई।अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और संभ्रांत लोगों से संवाद स्थापित कर सभी समुदायों से सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने की अपील की। साथ ही क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहकर अराजक तत्वों और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
फ्लैग मार्च के दौरान यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, पुलिस पिकेट, बैरियर व्यवस्था और संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा प्रबंधों की भी समीक्षा की गई।
अधिकारियों ने पर्व के दौरान आमजन के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखते हुए त्वरित और प्रभावी पुलिस प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनपद प्रशासन और पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी भ्रामक या अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस अथवा प्रशासन को दें।इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी, क्षेत्राधिकारी पहुप सिंह, थाना नानपारा पुलिस बल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
