सपा ने हटवाए होर्डिंग, भाजपा पर छवि खराब करने का लगाया आरोप

गोंडा। जिले में पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव और सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को लेकर लगाए गए विवादित पोस्टरों के बाद सियासी माहौल गर्म हो गया है। गोंडा-लखनऊ राजमार्ग पर बालपुर के पास लगे इन होर्डिंग्स में हनुमानगढ़ी, अयोध्या में नमाज के मुद्दे को लेकर समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा गया था। पोस्टर सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों के बीच जमकर चर्चा हुई।
सपा कार्यकर्ताओं ने हटवाए पोस्टर
सूचना मिलने के बाद मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष दीपू यादव कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों स्थानों पर लगे सभी विवादित पोस्टरों को हटवा दिया।
सपा जिलाध्यक्ष अरशद हुसैन ने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें इन पोस्टरों की जानकारी मिली थी। तत्काल कार्यकर्ताओं को भेजकर उन्हें हटवाया गया। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल या नेता की छवि धूमिल करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सपा का आरोप- भाजपा कर रही साजिश
सपा नेताओं का कहना है कि हनुमानगढ़ी में नमाज का मामला वहां के महंत की अनुमति से जुड़ा था और इसका मुलायम सिंह यादव या अखिलेश यादव से कोई संबंध नहीं था।
पार्टी ने मामले में शिकायत दर्ज कराकर कानूनी कार्रवाई कराने की बात कही है। सपा नेताओं ने भाजपा पर राजनीतिक लाभ के लिए इस तरह के हथकंडे अपनाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि समाजवादी पार्टी की बढ़ती सक्रियता से विरोधी दल परेशान हैं और इसी कारण ऐसे विवाद खड़े किए जा रहे हैं।
पोस्टर लगाने वाले की पहचान नहीं
फिलहाल विवादित होर्डिंग्स हटा दिए गए हैं। लेकिन पोस्टर लगाने वालों की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। होर्डिंग्स पर किसी व्यक्ति, संगठन या संस्था का नाम दर्ज नहीं था। ऐसे में पुलिस और प्रशासन के सामने इन्हें लगाने वालों का पता लगाना चुनौती बना हुआ है।
