आगरा से लोड होकर कायमगंज जा रहा था माल, पुलिस सीसीटीवी खंगालने में जुटी*अलीगंज थाना क्षेत्र में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। आगरा से रिफाइंड का माल लेकर कायमगंज जा रहे कैंटर से रास्ते में ही करीब दो लाख रुपये कीमत का माल गायब हो गया। घटना की जानकारी उस समय हुई जब चालक ने अलीगंज और जैथरा के बीच वाहन रोककर माल की जांच की। माल कम मिलने पर उसके होश उड़ गए। मामले की सूचना तत्काल थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है।

फिरोजाबाद जनपद के ग्राम सुनारी निवासी कैंटर चालक रविंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने आगरा से रिफाइंड तेल की खेप लोड की थी। कैंटर में करीब 340 पेटियां भरी गई थीं, जिन्हें कायमगंज और सरायगत क्षेत्र में पहुंचाया जाना था। रास्ते में अलीगंज और जैथरा के बीच उसे कुछ संदेह हुआ तो उसने वाहन रोककर माल की गिनती और जांच की। जांच करने पर पता चला कि वाहन में रखा कुछ माल गायब है। चालक के अनुसार चोरी हुए रिफाइंड की कीमत लगभग दो लाख रुपये आंकी जा रही है। चलते वाहन से माल गायब होने की घटना ने परिवहन कारोबारियों और व्यापारियों में भी चिंता पैदा कर दी है।
आशंका जताई जा रही है कि किसी ने रास्ते में मौका पाकर माल पर हाथ साफ कर दिया, हालांकि घटना कैसे हुई, इसका स्पष्ट खुलासा अभी नहीं हो सका है। शिकायत मिलने के बाद थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा वाहन के रूट और संभावित ठहराव स्थलों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
थाना पुलिस का कहना है कि चालक की शिकायत प्राप्त हो गई है। मामले के संबंध में कुछ महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। थाना पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा उत्तर प्रदेश
