नवनीत कुमार सिंह, मोतिहारी
अरेराज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रवि कुमार की अध्यक्षता में अनुमंडलीय कार्यालय में एक महत्वपूर्ण अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में अरेराज,पहाड़पुर, संग्रामपुर, गोविंदगंज और हरसिद्धि थानों के थानाध्यक्षों एवं सर्किल इंस्पेक्टरों सहित सभी वरिष्ठ पुलिस पदाधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान क्षेत्र की कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ-साथ बाबा सोमेश्वरनाथ धाम में आयोजित होने वाले प्रसिद्ध श्रावणी मेला और सोमवारी के अवसर पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की गई।अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को लेकर सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने, वारंटियों एवं फरार अपराधियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने और क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने का निर्देश दिया।
इसके साथ ही मादक पदार्थों एवं अवैध शराब की तस्करी पर पूर्णत रोक लगाने के लिए सख्त कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि थानों में आने वाले फरियादियों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाए, ताकि पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो सके।बैठक में श्रावणी मेला के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के लिए भी कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं के लिए वाहन पार्किंग पूरी तरह से निःशुल्क रहेगी और किसी भी प्रकार की अवैध पार्किंग वसूली करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के उद्देश्य से मंदिर परिसर,पार्वती मंदिर, स्टैंड तथा अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सादे लिबास में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसके अतिरिक्त पूरे मेला क्षेत्र की सतत निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जाएगी, जिसकी मॉनिटरिंग के लिए एक समर्पित कंट्रोल रूम बनाया गया है।यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और मुख्य चौक पर जाम की स्थिति से निपटने के लिए रविवार शाम से सोमवार पूरे दिन तथा गुरुवार शाम से शुक्रवार पूरे दिन तक मुख्य चौक पर किसी भी प्रकार के यात्री वाहन जैसे बस, टेंपो, ऑटो या ई-रिक्शा के लिए पिकअप या ड्रॉप प्वाइंट बनाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक स्थलों का ही उपयोग करना होगा। इसके अलावा सोमवार और शुक्रवार को पहाड़पुर, डुमरिया खजुरिया एवं तुरकौलिया मार्ग पर माल वाहक और भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी।एसडीपीओ रवि कुमार ने मेला ड्यूटी में तैनात सभी पुलिसकर्मियों को सतर्कता, संवेदनशीलता और अनुशासन के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
उन्होंने महिला सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, जेबकतरी और छिनतई जैसी घटनाओं की रोकथाम तथा किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने की तैयारी को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही। इसके साथ ही प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि बाबा सोमेश्वरनाथ के जलाभिषेक के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को एक सुरक्षित और सुगम वातावरण प्रदान किया जा सके।
