डायल-112 पर पथराव, पुलिसकर्मियों से मारपीट और PRV में तोड़फोड़, वायरल CCTV ने खड़े किए बड़े सवाल

दिलीप सिंह

अलीगज एटा
टपुआ में पारिवारिक विवाद की सूचना पर पहुंची थी डायल-112 टीम, युवक पर पुलिस से अभद्रता, डंडे से हमला और सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त करने का मुकदमा; वायरल CCTV में पुलिसकर्मी द्वारा युवक से मारपीट भी आई सामने, अब दोनों पहलुओं की होगी जांच

अलीगंज (एटा)। थाना अलीगंज क्षेत्र के गांव टपुआ में डायल-112 पुलिस टीम और एक युवक के बीच हुई झड़प का मामला अब नया मोड़ ले चुका है। पुलिस ने युवक के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने, पुलिसकर्मियों पर हमला करने, सरकारी वाहन को क्षतिग्रस्त करने और जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई भी जांच के घेरे में आ गई है। अब पुलिस पूरे घटनाक्रम की दोनों पहलुओं से जांच कर रही है।

पारिवारिक विवाद की सूचना पर पहुंची थी पीआरवी
कोतवाली अलीगंज में दर्ज एफआईआर के अनुसार, डायल-112 पर तैनात उपनिरीक्षक शेर सिंह पुत्र नाथूराम निवासी ग्राम नगला सहोरा, थाना सकरावा, जनपद कन्नौज ने तीन अगस्त की देर रात मुकदमा दर्ज कराया। उन्होंने बताया कि वह पीआरवी संख्या-6840 पर उपनिरीक्षक के पद पर तैनात हैं।

तहरीर के मुताबिक दो अगस्त की रात करीब 11:30 बजे उन्हें इवेंट संख्या-34484 प्राप्त हुई। सूचना देने वाले पीयूष पुत्र पोशपाल निवासी ग्राम टपुआ ने बताया कि उसका बड़ा भाई प्रशांत कुमार उसे परेशान कर रहा है। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक शेर सिंह चालक सुदेश कुमार के साथ सरकारी वाहन से गांव टपुआ पहुंचे।

एफआईआर में पुलिस ने लगाए गंभीर आरोप
एफआईआर के अनुसार, पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर प्रशांत कुमार को बुलाया तो उसने पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। पुलिस द्वारा समझाने और अभद्र भाषा का प्रयोग करने से मना करने पर वह आक्रोशित हो गया।

तहरीर में आरोप लगाया गया है कि प्रशांत कुमार ने हाथ में लिए डंडे से पुलिसकर्मियों पर हमला किया। इसके बाद उसने ईंट-पत्थरों से पीआरवी वाहन पर ताबड़तोड़ पथराव कर दिया, जिससे सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस का आरोप है कि घटना के समय पुलिसकर्मी वाहन में बैठे हुए थे। इसके बाद आरोपी मौके से भागते समय पुलिस टीम को धमकी देकर गया कि यदि दोबारा गांव आए तो जान से मार देगा।
पुलिस का कहना है कि आरोपी ने सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया और पुलिस टीम पर हमला किया।

उपनिरीक्षक शेर सिंह की तहरीर पर कोतवाली अलीगंज पुलिस ने प्रशांत कुमार पुत्र पोशपाल निवासी ग्राम टपुआ के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 121(1), 132, 221, 351(3), 115(2), 324(4), 125 एवं 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
वायरल CCTV ने बदल दिया पूरे मामले का घटनाक्रम
एफआईआर दर्ज होने के बाद अब इस घटना का एक सीसीटीवी वीडियो सामने आया है, जिसने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि पहले एक पुलिसकर्मी युवक को पकड़कर घुमाते हुए जमीन पर गिराता है और उसकी पीठ पर प्रहार करता है। इसके कुछ ही क्षण बाद युवक गुस्से में पुलिस की पीआरवी गाड़ी पर पथराव करता दिखाई देता है।

हालांकि वीडियो घटना का केवल एक हिस्सा दिखाता है। वीडियो से यह स्पष्ट नहीं होता कि इससे पहले क्या हुआ था और किन परिस्थितियों में पुलिस ने बल प्रयोग किया। इसी वजह से पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की क्रमवार जांच कर रही है।
ASP बोले- वीडियो की भी होगी जांच
मामले पर अपर पुलिस अधीक्षक एटा श्वेताभ पांडे ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है। इस मामले में पुलिस की ओर से मुकदमा पहले ही पंजीकृत किया जा चुका है और विवेचना जारी है।
उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो की भी जांच कराई जा रही है। यदि जांच के दौरान यह सामने आता है कि किसी पुलिसकर्मी ने युवक के साथ नियमों के विपरीत मारपीट की है, तो संबंधित पुलिसकर्मी के विरुद्ध विभागीय जांच कर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। वहीं, यदि युवक द्वारा पुलिस टीम पर हमला, सरकारी वाहन में तोड़फोड़ और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप सही पाए जाते हैं तो उसके विरुद्ध भी विधिक कार्रवाई की जाएगी।

दोनों पक्षों की भूमिका होगी जांच का आधार
फिलहाल पुलिस आरोपी युवक की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। वहीं वायरल सीसीटीवी फुटेज को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, सीसीटीवी फुटेज, एफआईआर और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष विवेचना की जाएगी। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून और विभागीय नियमों के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

टपुआ का यह मामला अब केवल पुलिस पर हमले तक सीमित नहीं रह गया है। वायरल सीसीटीवी सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई भी जांच के दायरे में आ गई है, जिससे पूरे प्रकरण ने नया मोड़ ले लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *