सरौठ रोड पर आमने-सामने की भिड़ंत में दंपति समेत मासूम घायल, पिता को लहूलुहान देख बिलख पड़ा बेटा

दिलीप सिंह

अलीगज एटा दवा लेकर लौट रहे थे पति-पत्नी, 108 एंबुलेंस ने त्वरित रेस्क्यू कर पहुंचाया सीएचसी अलीगंज, गंभीर हालत में दंपति हायर सेंटर रेफर

अलीगंज/एटा। कोतवाली अलीगंज क्षेत्र के सरौठ रोड पर भरपुरा गांव के पास बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सरौठ से दवा लेकर घर लौट रहे बाइक सवार दंपति की सामने से आ रही आर्टिका कार से आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में दंपति सहित उनका पांच वर्षीय पुत्र घायल हो गया।

घायलों की पहचान रजनेश सिंह पुत्र शिवराम सिंह (28 वर्ष), निवासी ग्राम डांडा, थाना नयागांव, उनकी पत्नी रिंकी (26 वर्ष) तथा पुत्र कार्तिक (5 वर्ष) के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस संख्या UP32 FG 2419 मौके पर पहुंची। पायलट अंकित यादव और ईएमटी विमल कुमार ने तत्काल घायलों को प्राथमिक उपचार देते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज पहुंचाया।

एंबुलेंस में घायल पिता के चेहरे से लगातार बहता खून देखकर पांच वर्षीय कार्तिक घबरा गया और रोते हुए एंबुलेंस कर्मियों से बोला, “मेरे पापा को बचा लो… जल्दी अस्पताल पहुंचा दो।” मासूम की यह पुकार सुनकर मौके पर मौजूद लोग भी भावुक हो उठे।

108 एंबुलेंस के पायलट अंकित यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और निर्धारित समय से पहले घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद रजनेश सिंह और उनकी पत्नी रिंकी की हालत गंभीर देखते हुए दोनों को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।

मामले पर कोतवाली अलीगंज के प्रभारी निरीक्षक रुपेश वर्मा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज भेजा गया, जहां से चिकित्सकों ने दोनों घायलों को हायर सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में लेकर थाने पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *