मटेरा पुलिस ने 12 एंड्रॉइड मोबाइल किए बरामद
बहराइच। थाना मटेरा पुलिस ने झपटमारी की घटना का महज 36 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में छीना गया मोबाइल समेत कुल 12 एंड्रॉइड मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) दुर्गा प्रसाद तिवारी व क्षेत्राधिकारी नानपारा पहुप सिंह के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष हरिकेश सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार 19 मई 2026 को श्रावस्ती जनपद निवासी हफीज ने थाना मटेरा में तहरीर देकर बताया था कि दर्जिनपुरवा, मोहरबा के पास अज्ञात बदमाश उनका मोबाइल झपटकर फरार हो गए। इस संबंध में थाना मटेरा पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ युवक चोरी के मोबाइल बेचने के उद्देश्य से मोटरसाइकिल से बहराइच की ओर जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने शंकरपुर नहर पुलिया के पास चेकिंग अभियान चलाया, जहां दो संदिग्धों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में उनके कब्जे से 12 एंड्रॉइड मोबाइल फोन बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आजाद खान निवासी नवाबगंज, बहराइच तथा मोमीन खान निवासी हरदत्तनगर, श्रावस्ती के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों पर पूर्व में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है।
