विभिन्न शिक्षक संगठनों और पदाधिकारियों ने मिलकर पेश की मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक सरोकार की मिसाल

महसी, बहराइच। गोविंदपुर (महसी) निवासी शिक्षामित्र संजय कुमार मौर्य के असामयिक निधन से शिक्षक समाज एवं क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निधन की सूचना मिलते ही विभिन्न शिक्षक संगठनों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षामित्र संघ, उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ, जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ, अनुदेशक संघ तथा अन्य शिक्षक संगठनों ने एकजुट होकर सहायता अभियान चलाया। शिक्षकों एवं संगठन पदाधिकारियों के सहयोग से दिवंगत शिक्षामित्र के परिवार को ₹1,28,100 (एक लाख अट्ठाईस हजार एक सौ रुपये) की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।

उत्तर प्रदेश शिक्षामित्र संगठन के अध्यक्ष प्रवीण कुमार बाजपेई के नेतृत्व में संचालित इस सहायता अभियान में अभय कुमार मिश्रा, प्रवीण कुमार वर्मा, देवेन्द्र सिंह (कोषाध्यक्ष, उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ), कृष्णाकांत शुक्ला, पंकज दीक्षित, पंकज चतुर्वेदी, प्रदीप मिश्रा (अध्यक्ष, जूनियर शिक्षक संघ), शिवकुमार (महामंत्री, जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ एवं वर्तमान ग्राम प्रधान हरदी), विमल मिश्रा, मो. वसी तथा बृजेन्द्र मिश्रा सहित अनेक शिक्षकों एवं पदाधिकारियों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।

इस अवसर पर शिक्षक नेताओं ने कहा कि संजय कुमार मौर्य का निधन शिक्षक समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि किसी भी आर्थिक सहायता से परिवार के सदस्य की कमी पूरी नहीं की जा सकती, लेकिन दुख की इस घड़ी में परिवार के साथ खड़ा होना हम सभी का नैतिक एवं सामाजिक दायित्व है। शिक्षक संगठनों ने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी परिवार को हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
सभी शिक्षक संगठनों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। शिक्षक समाज द्वारा दिखाई गई यह एकजुटता और संवेदनशीलता क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
