दिलीप सिंह अलीगंज एटा
अलीगंज ब्लॉक सभागार में आयोजित बैठक में 11 से 31 जुलाई तक चलने वाले दस्तक अभियान की रणनीति समझाई गई

अलीगंज। 1 जुलाई से 31 जुलाई तक संचालित संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत 11 से 31 जुलाई तक चलने वाले दस्तक अभियान की तैयारियों को लेकर मंगलवार को अलीगंज विकासखंड के बैठक सभागार में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विकासखंड क्षेत्र की सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने प्रतिभाग किया।
बैठक की अध्यक्षता बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) कुसुम यादव ने की। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. अखलाक खान भी मौजूद रहे। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को दस्तक अभियान की कार्ययोजना की जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के दौरान घर-घर जाकर लोगों को संचारी रोगों से बचाव, साफ-सफाई, मच्छरों से होने वाली बीमारियों की रोकथाम, शुद्ध पेयजल के उपयोग तथा बुखार के मरीजों की समय पर पहचान और सूचना देने के संबंध में जागरूक किया जाएगा।

सीडीपीओ कुसुम यादव ने सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से अभियान को पूरी जिम्मेदारी के साथ संचालित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार तक स्वास्थ्य संबंधी संदेश पहुंचाना और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।
बैठक में दस्तक अभियान के सफल संचालन, विभागीय समन्वय और क्षेत्रवार कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
