मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिलाओं को किया गया जागरूक


बहराइच, 22 जून। जनपद में चलाए जा रहे “मिशन शक्ति 5.0” अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत पुलिस की मिशन शक्ति टीमों ने विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक किया। अभियान पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में चलाया गया।


महिला पुलिसकर्मियों ने प्रमुख बाजारों, कस्बों, चौराहों, धार्मिक स्थलों एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।

इस दौरान मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, आयुष्मान योजना, महिला शक्ति केंद्र योजना सहित विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया।


अभियान के दौरान महिलाओं को वीमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930, एम्बुलेंस सेवा 108 तथा अन्य महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। पुलिस टीमों ने पंपलेट वितरित कर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा एवं आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक किया।


पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना तथा उन्हें उनके अधिकारों और उपलब्ध सुविधाओं के प्रति जागरूक बनाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *