बहराइच, 22 जून। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में सोमवार को जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने नगर क्षेत्र के संवेदनशील, मिश्रित आबादी एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने प्रमुख बाजारों, चौराहों और जुलूस मार्गों का निरीक्षण करते हुए आमजन को सुरक्षा का एहसास कराया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच भी की गई। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस अथवा डायल-112 पर दें।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने छोटी तकिया से निकलने वाले ताजिया जुलूस के मार्ग का भ्रमण कर संवेदनशील स्थानों को चिन्हित किया तथा सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली की जांच कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को जुलूस मार्गों पर पड़ने वाले विद्युत तार, खंभों, गड्ढों, नालियों की सफाई और पेयजल जैसी व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि मोहर्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए जनपद में अतिरिक्त पीएसी बल की तैनाती की गई है। इसके अलावा ताजिया जुलूसों और अन्य गतिविधियों की निगरानी ड्रोन कैमरों के माध्यम से भी की जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
प्रशासन द्वारा सभी थाना और चौकी प्रभारियों को ताजियादारों, डीजे संचालकों तथा ढोल-ताशा बजाने वालों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश देने को कहा गया है। उन्हें ताजियों की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने तथा किसी भी नई परंपरा की शुरुआत न करने की हिदायत दी गई है।
अधिकारियों ने बताया कि शांति व्यवस्था भंग करने की आशंका वाले शरारती तत्वों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की जा चुकी है। साथ ही सोशल मीडिया पर भी लगातार निगरानी रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की भ्रामक या भड़काऊ पोस्ट करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने जनपदवासियों से मोहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति के साथ मनाने की अपील की। फ्लैग मार्च के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर नारायण दत्त मिश्रा, कोतवाली नगर प्रभारी वृजेन्द्र कुमार मिश्रा सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे।
