अलीगंज नीलगाय ने बाइक में मारी टक्कर, मां-बेटा घायल

बीमार भाई को देखने मायके जा रही थी महिला, बिथरा भट्टा के पास अचानक सड़क पर आई नीलगाय; महिला के पैर में फ्रैक्चर, रेफर

अलीगंज। विकासखंड अलीगंज क्षेत्र के थाना नयागांव अंतर्गत बिथरा भट्टा के पास सोमवार दोपहर करीब एक बजे अचानक सड़क पर आई नीलगाय बाइक से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार मां-बेटा सड़क पर गिरकर घायल हो गए। दोनों को एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने महिला के पैर में फ्रैक्चर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया, जबकि बेटे की हालत उपचार के बाद स्थिर बताई गई।

जानकारी के अनुसार रामा देवी पत्नी विनोद कुमार, उम्र करीब 40 वर्ष, निवासी खिरिया बनार, अपने पुत्र शिवम के साथ बाइक से अपने मायके सराय अगहत जा रही थीं। बताया गया कि रामा देवी अपने बीमार भाई को देखने के लिए मायके जा रही थीं। बाइक शिवम चला रहा था।

घायल शिवम ने बताया कि वह अपनी मां को बाइक पर बैठाकर नानी के घर सराय अगहत जा रहा था। बिथरा भट्टा के पास पहुंचते ही अचानक सड़क पर एक नीलगाय आ गई। नीलगाय सीधे बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी अचानक हुई कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई और दोनों मां-बेटा घायल हो गए।

हादसे में रामा देवी के पैर में गंभीर चोट आई, जबकि शिवम को भी चोटें आईं। मौके से दोनों को एंबुलेंस की सहायता से सीएचसी अलीगंज लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया।

अलीगंज सीएचसी के फार्मासिस्ट आलोक राजपूत ने बताया कि दोनों घायलों को एंबुलेंस की सहायता से सीएचसी अलीगंज में भर्ती कराया गया था। उपचार के बाद शिवम की हालत स्थिर है। वहीं रामा देवी के पैर में फ्रैक्चर है। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर उपचार के लिए रेफर किया गया है।

दिलीप सिंह मडल ब्यूरो एटा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *