खराब मौसम को लेकर डीएम अलर्ट, आपदा की सूचना तत्काल देने के निर्देश

कंट्रोल रूम 05252-230132 व टोल फ्री 1077 नंबर जारी, भारी बारिश और आकाशीय बिजली से होने वाली घटनाओं पर प्रशासन की नजर


बहराइच। जिले में लगातार हो रही भारी बारिश और खराब मौसम को देखते हुए जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने सभी संबंधित अधिकारियों को पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बारिश, आंधी-तूफान या आकाशीय बिजली से होने वाली किसी भी जनहानि, पशुहानि, मकान अथवा फसल क्षति, जलभराव, बाढ़ या अन्य आपदा की सूचना तत्काल प्रशासन को उपलब्ध कराई जाए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी घटना की सूचना तत्काल व्हाट्सऐप ग्रुप पर साझा करने के साथ ही जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के कंट्रोल रूम नंबर 05252-230132 तथा टोल फ्री नंबर 1077 पर भी दी जाए, ताकि समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया जा सके।

भारी बारिश और आंधी-तूफान के कारण सड़कों पर गिरने वाले पेड़ों को तत्काल हटवाकर आवागमन सुचारु कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। वहीं तहसील प्रशासन को प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर क्षतिग्रस्त मकानों, फसलों, पशुओं और जनहानि का सर्वे कर मूल्यांकन रिपोर्ट तैयार करने को कहा गया है, जिससे प्रभावित लोगों को नियमानुसार जल्द राहत उपलब्ध कराई जा सके।

विद्युत विभाग को खराब मौसम के कारण क्षतिग्रस्त बिजली लाइनों और ट्रांसफार्मरों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कर विद्युत आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों से प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद करने तथा प्रतिकूल मौसम को देखते हुए पूरी सतर्कता बरतने को कहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *