फिल्म ‘ दमदार खिलाड़ियों का खिलाड़ी ‘ का प्रीमियर शो 11अक्तूबर को नागालैंड में।‌


जमशेदपुर। भोजपुरी सिनेमा में सामाजिक सरोकार, एक्शन और समकालीन घटनाक्रमों को केंद्र में रखकर बनाई जा रही फिल्म ‘दमदार खिलाड़ियों का खिलाड़ी’ इन दिनों चर्चा में है। अरावल आर्यन देवी फिल्म प्रोडक्शन एवं मूर्ति फिल्म क्रिएशन के बैनर तले निर्मित इस फिल्म का निर्देशन मुन्ना यादव कर रहे हैं, जबकि फिल्म की निर्माता रानी कुमारी पांडेय एवं टी. मार्था आओ हैं।

फिल्म की रचनात्मक दिशा और प्रस्तुति को आकार देने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी जमशेदपुर शहर के काशीडीह निवासी विवेक विशाल सिंह की है। जो बतौर क्रिएटिव डायरेक्टर अपनी सेवा दिये हैं।‌ बताते चलें कि विवेक विशाल सिंह अभिनय और कविता के क्षेत्र में अपनी पहचान बना चुके हैं और इससे पहले कई फिल्मों तथा वेब सीरीज में काम कर चुके हैं।


नेटफ्लिक्स की ‘खाकी: द बिहार चैप्टर’, ‘मैं तुझपे फिदा’, ‘वर्चस्व’, ‘36 घंटे’, ‘मौका-ए-वारदात’, ‘रामायण’ और ‘मां सरस्वती’ जैसी परियोजनाओं में उनके अभिनय अनुभव ने फिल्म की रचनात्मक समझ को भी समृद्ध किया है। ‘दमदार खिलाड़ियों का खिलाड़ी’ में वे गृह मंत्री की भूमिका में भी नजर आएंगे, जिसका चरित्र एक भ्रष्ट व्यवस्था का हिस्सा है।


फिल्म की कहानी माफिया और राजनीति के गठजोड़ तथा एक निष्ठावान और निर्भीक पुलिस अधिकारी के संघर्ष के इर्द-गिर्द बुनी गई है। फिल्म की शूटिंग झारखंड और नागालैंड के विभिन्न लोकेशनों पर की गई है, जिससे कहानी को वास्तविक और व्यापक दृश्यात्मक पृष्ठभूमि मिलती है।


फिल्म में जानी-मानी अभिनेत्री शुभि शर्मा, बोनिता तथा अभिनेता प्रिंस मिश्रा सहित मुन्ना यादव, राकेश पांडेय, अभिषेक मुखी, उत्तम ब्रह्मा, रोज़ टी.पी., रवि, मुस्ताक और कालीचरण प्रमुख भूमिकाओं में हैं। फिल्म का सह-निर्देशन सतीश शीतल कर रहे हैं, जबकि एक्शन निर्देशन प्रिंस मिश्रा का है।


फिल्म के निर्माण में जमशेदपुर का भी विशेष जुड़ाव है। फिल्म की सह-निर्माता रानी कुमारी पांडेय जमशेदपुर में ही पली-बढ़ी हैं और उन्होंने अपनी शिक्षा भी यहीं से प्राप्त की है, जिससे इस प्रोजेक्ट का झारखंड से एक भावनात्मक और रचनात्मक रिश्ता भी जुड़ता है।


फिल्म के तकनीकी पक्ष में लेखक संदीप स्वरांश, संगीतकार अनुज तिवारी, गीतकार बिरजू पाल, सुनील चंद्रवंशी एवं दुर्गावती तिवारी, छायांकन सुरेंद्र कुजूर, कैमरा रवि साहू, लाइट धर्मेंद्र, एडिटिंग दिनेश प्रजापति, ड्रेस डिजाइनर विद्या मौर्या, डिजाइनर प्रशांत, आर्ट डायरेक्शन अभिषेक मुखी, डांस राज आर्यन (छोट्टी) एवं अक्षय बनगाड़िया, ट्रेलर विकास पवार, बैकग्राउंड म्यूजिक राजेश प्रसाद कुर्मी, साउंड मिक्सिंग अलिनाश सिंह तथा D.I. कलरिंग मनेंद्र सिंह बंटी सहित कई तकनीकी विशेषज्ञ जुड़े हैं।


‘दमदार खिलाड़ियों का खिलाड़ी’ अपने विषय, एक्शन और सामाजिक-राजनीतिक पृष्ठभूमि के साथ भोजपुरी सिनेमा में एक अलग तरह की प्रस्तुति देने की कोशिश करती है। फिल्म की रचनात्मक कमान में विवेक विशाल सिंह की भागीदारी, झारखंड और नागालैंड की वास्तविक लोकेशनों तथा मजबूत कलाकारों और तकनीकी टीम का संयोजन इसे विशेष रूप से उल्लेखनीय बनाता है।
दमदार खिलाड़ियों का खिलाड़ी’ का प्रीमियर 11 अक्तूबर 2026 को टाउन हॉल, दिमापुर ,नागालैंड में प्रस्तावित है। फिल्म की विषय वस्तु, एक्शन और मजबूत कलाकार-तकनीकी टीम इसे भोजपुरी सिनेमा के मौजूदा दौर की चर्चित फिल्मों में शामिल करने की संभावनाएं पैदा करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *