रुपईडीहा में 1279 शीशी कोडीनयुक्त सिरप बरामद, एक गिरफ्तार

महिंद्रा XUV500, दो मीडिया आईडी कार्ड और मोबाइल फोन भी जब्त; पुलिस, SSB व औषधि प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई

बहराइच। रुपईडीहा थाना क्षेत्र में पुलिस, सशस्त्र सीमा बल (SSB) और औषधि प्रशासन की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान 1279 शीशी कोडीनयुक्त सिरप बरामद कर एक युवक को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान एक महिंद्रा XUV500 कार, दो मीडिया आईडी कार्ड और एक ओप्पो मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर 2026 की रात करीब नौ बजे कस्बा केवलपुर अंडरपास के पास संयुक्त टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध व्यक्ति के कब्जे से पांच सफेद गट्ठरों में रखे 10 कार्टन से कुल 1279 शीशी कोडीनयुक्त सिरप बरामद हुआ।

गिरफ्तार युवक की पहचान फजले इलाही उर्फ निहाल (23), निवासी मोहल्ला तोपखाना, थाना नानपारा, जनपद बहराइच के रूप में हुई है। बरामद महिंद्रा XUV500 पर ‘प्रदेश महामंत्री, उत्तर प्रदेश अंतर्राष्ट्रीय पत्रकार महासंगठन’ लिखा होने की जानकारी भी पुलिस ने दी है।

पुलिस ने बताया कि मामले में थाना रुपईडीहा में मुकदमा संख्या 279/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट और औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम की संबंधित धाराओं में अभियोग दर्ज किया गया है। अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय भेज दिया गया। पूछताछ से प्राप्त तथ्यों के आधार पर आगे की जांच जारी है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी और क्षेत्राधिकारी नानपारा चित्रांशु गौतम के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र कुमार मिश्र के नेतृत्व में की गई। अभियान में रुपईडीहा पुलिस, SSB की 42वीं वाहिनी और औषधि प्रशासन विभाग की टीम शामिल रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *